इंडो- नेपाल के सीमाई इलाकों में बदलते डेमोग्राफी का होगा सर्वे
हिन्दुस्तान विशेष सर्वे के बाद बढ़ सकती है सीमाई इलाकों में एसएसबी की बटालियन

भागलपुर, कार्यालय संवाददाता। इंडो-नेपाल बॉर्डर के आसपास बदलती डेमोग्राफी को लेकर सर्वे कराने की रणनीति पर गृह मंत्रालय द्वारा काम शुरू कर दिया गया है। इसको लेकर कई चरणों में काम शुरू किया गया है। 25 फरवरी को सीमांचल के दौरे पर आए गृह मंत्री अमित शाह ने भी सीमाई इलाकों पर बदलती डेमोग्राफी को लेकर एसएसबी, बीएसएफ, स्थानीय जिलों के डीएम, एसपी और सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया था। बैठक में इंडो-नेपाल के नो मेंस लैंड के आसपास बदलती डेमोग्राफी को लेकर कई अन्य तरह की जानकारी सामने आई थी। अब इस काम में तेजी आई है। दरअसल, डेमोग्राफी बदलाव के चलते अक्सर तनाव की भी स्थिति सीमाई इलाकों खासकर बॉर्डर के आसपास देखी जा रही है। इस तरह के मामले पिछले एक दशक के दौरान काफी संख्या में देखने को मिली है।
सीमा पिलरों की स्थिति और तकनीकी चुनौतियां
तकनीकी दिक्कतें और संदिग्धों की पैठ
नो मेंस लैंड पर मौजूद सैकड़ों सीमा पिलरों के क्षतिग्रस्त होने या गायब रहने का फायदा असामाजिक व संदिग्ध तत्व उठा रहे हैं। पिलर न होने के कारण सीमा रेखा का स्पष्ट चिह्न कठिन हो गया है, जिससे एसएसबी को गश्त लगाने और अतिक्रमण रोकने में भारी तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। प्रत्येक साल आने वाली बाढ़ के कारण भी कई पिलर क्षतिग्रस्त हो जा रहे हैं। रिव्यू करने के बाद समय -समय पर क्षतिग्रस्त पिलर की मरम्मत का काम भी किया जाता है। लेकिन यह कुछ खास टिकाऊ नहीं होता है।
एसएसबी की तैनाती और संवेदनशील इलाके
एसएसबी की बढ़ेंगी बटालियनें
वर्तमान में इंडो-नेपाल सीमा की सुरक्षा में बिहार, बंगाल और यूपी एसएसबी की 35 से अधिक बटालियनें तैनात हैं। सर्वे पूरा होने के बाद संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर अतिरिक्त बटालियनें तैनात करने और नया बॉर्डर आउटपोस्ट स्थापित करने का प्रस्ताव गृह मंत्रालय को भेजा जाएगा। कोसी के सुपौल और सीमांचल के अररिया और किशनगंज इंडो-नेपाल के काफी संवेदनशील इलाकों में आते हैं। इस तरह से अक्सर थर्ड कंट्री के लोगों का भी संदिग्ध तरीके से आना-जाना लगा रहता है।
बदलती आबादी और सुरक्षा चिंताएं
बदलती डेमोग्रफी से बदला रहन-सहन का ढांचा
डेमोग्राफी में आए बड़े बदलाव ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। सीमा से सटे भारतीय और नेपाली इलाकों में तेजी से आबादी का ढांचा बदला है। इस स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अब इंडो-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्रों में एक व्यापक डेमोग्राफिक सर्वे कराने की तैयारी है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर सीमा सुरक्षा में तैनात सशस्त्र सीमा बल की बटालियनों और अग्रिम चौकियों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
बदलती डेमोग्राफी को लेकर रिव्यू और सर्वे करने का काम जल्द ही गृह मंत्रालय द्वारा किए जाने की योजना है। इस पर काम चल रहा है। इंडो-नेपाल सीमा के आसपास बदलती डेमोग्राफी को लेकर पैनी नजर रखी जा रही है।
- नीशीत कुमार उज्ज्वल, आईजी, एसएसबी, पटना।


