एक और पायलट ने विमान ले जाने से किया इनकार
बाबतपुर (वाराणसी)। सोमवार को इंडिगो का वाराणसी-बेंगलुरु विमान उड़ाने से पायलट ने मना कर दिया, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। सभी यात्रियों को समझाकर बाहर निकाला गया। समस्या का समाधान करने के लिए दूसरे पायलट को दिल्ली से बुलाया गया।

बाबतपुर (वाराणसी)। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार को उस समय अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब इंडिगो का वाराणसी-बेंगलुरु विमान को उड़ाने से पायलट ने मना कर दिया। बोर्डिंग पास और जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी यात्री विमान में सवार हो गए थे। जानकारी मिलते ही यात्री हंगामा करने लगे। सूचना पर सीआईएसफ जवानों के साथ इंडिगो के अधिकारी पहुंचे और समझाकर यात्रियों को बाहर निकाला।
पायलट की स्थिति
शाम 5:05 बजे दूसरा पायलट बेंगलुरु के लिए विमान लेकर रवाना हुआ। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक इंडिगो एयरलाइंस का विमान संख्या 6ई 6559 को वाराणसी से 178 यात्रियों को लेकर सुबह 11:55 बजे बेंगलुरु के लिए उड़ान भरना था। पायलट ने कान में दर्द का हवाला देते हुए विमान ले जाने से मना कर दिया। सूचना पर यात्रियों में खलबली मच गई। वे एयरलाइंस पर लापरवाही का आऱोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। एयरलाइंस के अधिकारियों ने यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था का आश्वासन देकर शांत कराया। इसके बाद विमान से यात्रियों को उतारकर टर्मिनल भवन में बैठाया गया। इस दौरान तय समय पर गतंव्य तक न पहुंच पाने से नाराज यात्रियों की एयर लाइंसकर्मियों से नोकझोंक भी हुई। दूसरे पायलट को दिल्ली के विमान से बुलाकर देर शाम फ्लाइट को रवाना किया गया। बता दें कि बीते गुरुवार को भी इंडिगो के ही मुंबई जाने वाले विमान के पायलट ने तबीयत खराब होने का हवाला देते हुए ले जाने से मना कर दिया था।


