अगरतला-दिल्ली फ्लाइट का स्मोक अलार्म चीखा, इमरजेंसी लैंडिंग
- फ्लाइट उतरने से पहले ही दो एम्बुलेंस, दो आधुनिक दमकल पहुंचे -टीम जांच कर

लखनऊ मुख्य संवाददाता
अगरतला से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट में मंगलवार को स्मोक अलार्म चीख उठा। फ्लाइट कैप्टन ने बिना देरी एटीसी को सूचना दी। इधर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी को ध्यान में रखते हुए दो एम्बुलेंस पूरे स्टाफ और लाइफ सपोर्ट के साथ एयरसाइड में दौड़ गईं। दो दमकल वाहन एयरसाइड और तीन बाहर की ओर तैनात किए गए, हालांकि विमान सुरक्षित रूप से उतरा। देर रात तक 12 इंजीनियरों और टेक्निकल स्टाफ की टीम स्मोक अलार्म बजने की जांच कर रही थी। विमान के सभी यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से दिल्ली रवाना किया गया。
विमान में यात्रियों की संख्या
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार विमान के 6 क्रू सदस्य और 103 यात्री सवार थे। अगरतला से यह विमान शाम 4:30 बजे उड़ा था और 6:50 पर दिल्ली एयरपोर्ट उतरने का समय था। यहां उतरने से पहले ही पुलिस, मेडिकल टीम, सीआईएसएफ, दमकल टीम अलर्ट मोड पर आ गई। किसी अनहोनी की स्थिति में बचाव के सभी इंतजाम आनन-फानन कर लिए गए।
35 हजार फुट की ऊंचाई पर अलार्म
सूत्रों के अनुसार यह फ्लाइट लखनऊ एयरपोर्ट से काफी दूर करीब 35 हजार फीट से ऊपर उड़ान भर रही थी जब पायलट ने स्मोक अलार्म देखा। इसके अनुसार विमान के कार्गो क्षेत्र में धुआं उठने की जानकारी थी। पायलट ने तुरंत एटीसी को सूचित किया। इसके बाद फ्लाइट को 18:16 बजे के करीब महमूदाबाद के पास से यू टर्न देते हुए उसने नीचे उतारना शुरू किया। यह फ्लाइट बीकेटी के ऊपर से होते हुए एयरपोर्ट पहुंची।
सुरक्षा के प्रयास
अमौसी स्थित चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर उस समय सबकुछ सामान्य था तभी एटीसी का अलर्ट आने के तुरंत बाद सभी सेक्शन के जिम्मेदारों के मोबाइल घनघना उठे। रनवे के आसपास से अन्य वाहन, लैडर आदि हटाए जाने लगे। एम्बुलेंस भीतर और बाहर तैनात कर दी गईं कि यदि जरा भी कुछ अनहोनी हो तो जितना हो सके, संभाला जा सके।
यात्रियों का उतारना
विमान उतरते ही पहले यात्रियों को उतारा गया। इसके बाद क्रू सदस्य उतरे। उसी बीच तकनीकी जांच के लिए स्टाफ ने अपना मोर्चा संभाल लिया था। 16:42 पर प्राथमिक जांच रिपोर्ट में कोई गंभीर बात सामने न आने पर इंडिगो ने ‘फुल इमरजेंसी’ की कॉल वापस ले ली।


