वर्क वीजा के नाम पर युवक से 3.15 लाख की ठगी
सितारगंज में एक युवक ने विदेश नौकरी के लिए 3.15 लाख रुपये की ठगी का मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि 'जेबी ड्रीम्स कंसलटेंसी' के तीन लोगों ने उसे वर्क वीजा का आश्वासन देकर पैसे लिए, लेकिन उसे टूरिस्ट वीजा जारी किया गया। आरोपियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सितारगंज, संवाददाता। रिश्तेदारों से कर्ज लेकर विदेश नौकरी करने गए युवक से 3.15 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। युवक ने विदेश भेजने वाली कंपनी से जुड़े तीन लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अशरफ अली निवासी सितारगंज ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि अक्तूबर 2024 में उसकी मुलाकात यूपी के अमरिया क्षेत्र निवासी विक्रम सिंह, उसकी मां पलविंदर कौर और प्रेम कॉलोनी निवासी गौरव चौहान से हुई थी। आरोपियों ने अपनी कंपनी ‘जेबी ड्रीम्स कंसलटेंसी’ के माध्यम से रूस में वर्क वीजा पर नौकरी दिलाने का दावा किया और इसके बदले 3.15 लाख रुपये लिए।
आरोप है कि आरोपियों ने घर पहुंचकर पैन कार्ड, शैक्षणिक प्रमाणपत्र समेत अन्य दस्तावेज लिए और किस्तों एवं यूपीआई के माध्यम से रकम वसूल की। 10 अक्तूबर 2024 को वह दिल्ली से मॉस्को पहुंचा, जहां इमिग्रेशन जांच में पता चला कि उसे वर्क वीजा के बजाय टूरिस्ट वीजा जारी किया गया है। रूसी अधिकारियों ने पूछताछ के बाद उसे भारत वापस भेज दिया। पीड़ित का कहना है कि उसने रिश्तेदारों से कर्ज लेकर यह रकम जुटाई थी। भारत लौटने के बाद पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल सुंदरम शर्मा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


