खेल : सुजीत, अंतिम, अमन के लिए पदक की राह मुश्किल
सुजीत, अंतिम, अमन के लिए पदक की राह मुश्किल कुश्ती नागोया, एजेंसी।

सुजीत, अंतिम, अमन के लिए पदक की राह मुश्किल कुश्ती
नागोया, एजेंसी। भारतीय पहलवान बुधवार से एशियाई खेलों में अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। इसमें हालांकि सुजीत कलकल की शानदार फॉर्म, अंतिम पंघाल और ओलंपिक कांस्य विजेता अमन सहरावत की वापसी पर सबकी नजरें होंगी लेकिन मुश्किल ड्रॉ के कारण तीनों के लिए पदक की राह चुनौतीपूर्ण होगी। प्रतियोगिता में हर भार वर्ग के मुकाबले एक ही दिन होंगे। यानी क्वालीफिकेशन, सेमीफाइनल और पदक मुकाबले उसी दिन खेले जाएंगे।
फ्रीस्टाइल में दावेदार:
अंडर-23 विश्व चैंपियन 23 वर्षीय सुजीत 65 किग्रा फ्रीस्टाइल में दावेदार हैं। उन्होंने एशियाई चैंपियनशिप के अलावा जागरेब और मुहामेत मालो रैंकिंग सीरीज में स्वर्ण पदक जीते हैं। वह ओलंपिक चैंपियन जापान के कोटारो कियोका के ड्रॉ के हिस्से में हैं। संभावित क्वार्टर फाइनल में उनका सामना ईरान के अब्बास इब्राहिमजादेह से और सेमीफाइनल में कियोका से हो सकता है।
महिला कुश्ती में अंतिम पंघाल:
अंतिम पंघाल महिला 53 किग्रा वर्ग में दावेदार हैं। हांगझोउ एशियाई खेलों की कांस्य विजेता और दो बार की विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता 22 वर्षीय अंतिम ने सत्र में सीनियर प्रतियोगिताओं में छह जीत और दो हार दर्ज की हैं। अंतिम के ड्रॉ में चीन की झांग जिन उनके हिस्से में हैं और दोनों के बीच संभावित सेमीफाइनल मुकाबला हो सकता है।
अमन की चुनौती:
पहला दौर ही कड़ा : अमन 57 किग्रा में ओलंपिक पदक विजेता के रूप में एशियाई खेलों में लौट रहे हैं। उन्होंने 2024 पेरिस ओलंपिक में कांस्य जीता था। शुरुआती दौर में उनका सामना उज्बेकिस्तान के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता गुलोमजोन अब्दुल्लाएव या जापान के यामातो ओगावा से हो सकता है। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में कजाखस्तान के नूरदानत एतानोव और संभावित सेमीफाइनल में ईरान के अली मोमेनी से मुकाबला हो सकता है।
अन्य पुरुष पहलवानों में सागर जगलान (74 किग्रा), दीपक पूनिया (97 किग्रा) और रजत रुहाल (125 किग्रा) चुनौती पेश करेंगे। ग्रीको-रोमन में सुनील कुमार और नितेश सिवाच भारत की प्रमुख पदक उम्मीदें हैं। महिला टीम में निशा दहिया, मनीषा भनवाला, मानसी अहलावत, प्रिया मलिक और पदार्पण कर रहीं दीपांशी शामिल हैं।
भारत ने 2022 एशियाई खेलों में कुश्ती में छह पदक जीते थे, जिनमें एक रजत और पांच कांस्य शामिल थे।


