खेल : तीसरे खिताब के लिए भारतीय महिला टीम चीन से भिड़ेगी
भारतीय महिला टीम ने दक्षिण कोरिया को हराकर एएचएफ जूनियर महिला एशिया कप के फाइनल में जगह बनाई है। सुप्रिया की हैट्रिक की बदौलत भारत ने 5-1 से जीत दर्ज की। अब रविवार को भारत का मुकाबला तीन बार के चैंपियन चीन से होगा, जिसने जापान को 6-0 से हराया।

तीसरे खिताब के लिए भारतीय महिला टीम चीन से भिड़ेगी जूनियर एशिया कप
सेमीफाइनल में जीत
-सुप्रिया की हैट्रिक से भारत ने द. कोरिया को हराया
भारत बनाम चीन
-चीन ने दूसरे सेमीफाइनल में जापान को 6-0 से रौंदा
मोकी (चीन), एजेंसी। ड्रैग फ्लिकर सुप्रिया के तीन गोल की मदद से मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम एएचएफ जूनियर महिला एशिया कप के फाइनल में पहुंच गई है। उसने शनिवार को सेमीफाइनल में चार बार के चैंपियन दक्षिण कोरिया को 5-1 से शिकस्त दे दी।
अब भारत तीसरे खिताब के लिए रविवार को तीन बार के चैंपियन चीन से भिड़ेगा, जिसने दूसरे सेमीफाइनल में जापान को 6-0 से रौंद दिया। तीसरे स्थान के मुकाबले में दक्षिण कोरिया का सामना जापान से होगा।
भारत की पेनाल्टी कॉर्नर रणनीति
मधु ने बढ़त दिलाई : दोनों टीमों ने संभलकर शुरुआत की लेकिन भारत ने 13वें मिनट में खाता खोला जब मधु सिदर ने शानदार फील्ड गोल पर टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने कोरियाई गोल पर लगातार हमले बोले।
सुप्रिया ने तीनों गोल पेनाल्टी कॉर्नर पर किए। भारत को 17वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर पर सुप्रिया ने गोल करके बढ़त दुगुनी कर दी। भारत ने गेंद पर नियंत्रण के मामले में दबदबा बनाए रखा और 21वें मिनट में कोरियाई गोल के 23 मीटर के भीतर हवा में आई गेंद को भारतीय विंगर ने लपका और सर्कल के भीतर शानदार क्रॉस दिया। इसे सुखवीर ने गोल में बदलकर स्कोर 3-0 कर दिया.
डिफेंस का बेहतरीन प्रदर्शन
डिफेंडरों का शानदार प्रदर्शन : भारत को 33वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर को सुप्रिया ने फिर गोल में बदल दिया। दक्षिण कोरिया के लिए यूरी जियोंग ने 41वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करके स्कोर 4-1 किया। भारत ने आखिरी क्वार्टर में बेहतरीन डिफेंस का प्रदर्शन करते हुए कोरियाई हमलों को नाकाम कर दिया। भारत के लिए पांचवां गोल 56वें मिनट में सुप्रिया ने पेनल्टी कॉर्नर पर किया।


