खेल : 44 साल बाद बेटियों ने बजाया डंका
शोल्डर : लालरेम्सियामी के एकमात्र गोल से फाइनल में गत चैंपियन चीन को दी पटखनी,

काकामिगाहारा, एजेंसी। लालरेम्सियामी के एकमात्र गोल और गोलकीपर सविता पूनिया के शानदार खेल से भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर पहली बार विदेशी सरजमीं पर परचम फहराया। टीम ने शुक्रवार को फाइनल में गत चैंपियन चीन को 1-0 से हराकर 44 साल बाद ताज कब्जाया। इससे पहले बेटियों ने 1982 में नई दिल्ली में पीला तमगा जीता था। इसके साथ ही टीम ने 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक खेलों के लिए भी क्वालिफाई कर लिया। अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रही लालरेम्सियामी ने दसवें मिनट में गोल के पास साक्षी राणा से गेंद लेकर रिवर्स स्टिक से गोल के ऊपरी हिस्से में गेंद पहुंचा दी। चीनी गोलकीपर के पास संभलने का भी मौका नहीं था। इसके बाद चीन ने बराबरी के लिए पूरा जोर लगा दिया लेकिन भारतीय डिफेंस को भेद नहीं पाया। भारतीय डिफेंस ने चीन के लगातार हमलों के बावजूद संयम नहीं खोया और एक गोल की बढ़त अंत तक बनाए रखी। दूसरे क्वार्टर में सविता ने अपने बाईं ओर डाइव लगाकर पेनाल्टी स्ट्रोक बचाया।
सविता का शानदार बचाव
भारत को पहला पेनाल्टी कॉर्नर 13वें मिनट में मिला लेकिन नवनीत की स्लैप हिट बाहर से निकल गई। चीन को पहला पेनाल्टी कॉर्नर 18वें मिनट में मिला लेकिन भारत ने वैरिएशन को बखूबी भांपकर उसे नाकाम कर दिया। लालरेम्सियामी की गलती पर चीन को 24वें मिनट में पेनाल्टी स्ट्रोक मिला लेकिन सविता ने अपने बाईं ओर डाइव लगाकर जबर्दस्त बचाव किया। इशिका, बलजीत और सुशीला ने चीन को खुलकर खेलने नहीं दिया। मेजबान जापान ने शूटआउट में कोरिया को हराकर कांस्य पदक जीता। भारतीय महिला टीम आठ साल बाद ओलंपिक में खेलेगी। टीम 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई थी।
एक घंटे की देरी से शुरू हुआ मैच
इससे पहले टीम बसों के ट्रैफिक में फंसने से फाइनल मुकाबला करीब एक घंटे देरी से शुरू हुआ। रास्ते में एक हादसे की वजह से यह जाम लगा है हालांकि इसका टीम बसों से कोई सरोकार नहीं था। इस जाम की वजह से खिलाड़ी स्टेडियम देर से पहुंचेंगे ।
-----------------------------
नंबर गेम
-69 रिकॉर्ड गोल भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दागे और सिर्फ तीन गंवाया
-7 मुकाबलों में से सभी में भारतीय टीम जीत दर्ज कर विजेता बनीं
-200 वें मैच में लालरेम्सियामी ने गोल कर मुकाबले को यादगार बनाया
-----------------------------
तो आज सोने पर सुहागा
भारतीय पुरुष टीम शनिवार को मलेशिया को पटखनी देकर लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने के इरादे से उतरेगी। अगर हरमनप्रीत की टीम अपना खिताब बचाने में सफल रहेगी तो यह भारत के लिए सोने पर सुहागा जैसा होगा। यह पहली बार होगा जब दोनों टीमें एक साथ स्वर्ण पदक जीतेंगी। इससे पहले दोनों 1982 में एक साथ फाइनल में पहुंचीं थी पर पुरुष टीम हार गई थी।
भारतीय टीम ने कभी लगातार दो स्वर्ण पदक नहीं जीते हैं। उसके पास पहली बार यह उपलब्धि हासिल करने का सुनहरा मौका है। सेमीफाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ लचर प्रदर्शन को भुलाकर भारतीय टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा और गलतियों को दोहराने से बचना होगा। टीम ने पाक के खिलाफ दूसरे हाफ में तीन गोल गंवा दिए थे। भारत की उम्मीदें कप्तान हरमनप्रीत सिंह पर लगी होंगी जिन्होंने अब तक पेनाल्टी कॉर्नर पर दस गोल किए हैं।
हरमन होंगे पहले कप्तान : भारत अगर स्वर्ण जीत जाता है तो हरमनप्रीत लगातार दो खेलों में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय कप्तान होंगे। वहीं मनप्रीत सिंह (2014, 2023) तीन स्वर्ण जीतने वाले इकलौते भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे।

