खेल : बेटियों की जोरदार जीत, लड़कों ने अंतिम सेकंड में टाली हार
जूनियर एशिया कप हॉकी मोकी (चीन), एजेंसी। भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को

जूनियर एशिया कप हॉकी मोकी (चीन), एजेंसी। भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को एएचएफ जूनियर एशिया कप में मलेशिया पर 11-1 की जोरदार जीत दर्ज की। वहीं लड़कों में कप्तान अनमोल एक्का ने अंतिम सेकंड में गोल दागकर टीम को हार से बचाया। उनके दो गोल से टीम ने जापान को 3-3 से बराबरी पर रोक दिया।
महिला हॉकी टीम की जीत
पूजा साहू, पूर्णिमा यादव, गीता यादव और सानिका चंद्रकांत माने ने दो-दो गोल दागे। इनके उम्दा प्रदर्शन से भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को एएचएफ जूनियर एशिया कप में मलेशिया को एकतरफा मुकाबले में 11-1 से रौंद दिया। गत चैंपियन भारतीय टीम ने लगातार दूसरी जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। भारत को तीसरे मुकाबले में आठ सितंबर को जापान का सामना करना है।
गोलों की बौछार
भारत ने चार गोल मैदानी, पांच पेनाल्टी कॉर्नर और दो पेनाल्टी स्ट्रोक पर दागे। पूजा (पहले मिनट, 42वें मिनट), पूर्णिमा (4वें मिनट, 17वें मिनट), गीता (28वें मिनट, 53वें मिनट), माने (43वें मिनट, 58वें मिनट) के अलावा बिनिमा धन (8वें मिनट), कृष्णा शर्मा (14वें मिनट) और सुखवीर कौर (21वें मिनट) ने एक-एक गोल किया। मलेशिया के लिए एकमात्र गोल नूर मोहम्मद ने 38वें मिनट में किया।
भारत का दबदबा
पूजा ने पहले ही मिनट में पेनाल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर जो दबदबा बनाया उसे अंत तक बरकरार रखा। तीन मिनट बाद पूर्णिमा ने बढ़त दोगुनी और पांच मिनट बाद बिनिमा ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर बढ़त 3-0 कर दी। कृष्णा ने 14वें मिनट में कर स्कोर 4-0 कर दिया। दूसरे क्वार्टर में भारत ने तीन गोल दागे इससे टीम ने मध्यांतर तक 7-0 की बढ़त बना ली थी। तीसरे और चौथे क्वार्टर में भारत ने दो-दो गोल किए।
-----------------
अनमोल का गोल
कप्तान अनमोल एक्का ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए टीम को 59 सेकंड शेष रहते जापान के खिलाफ बराबरी दिलाई। इंडोनेशिया पर 14-0 की बड़ी जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम ने चौथे मिनट में पेनाल्टी स्ट्रोक के जरिए बढ़त हासिल की। फाउल के बाद मिले इस मौके को अनमोल ने गोल में बदलकर टीम को आगे कर दिया। आशु मौर्य ने दसवें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर बढ़त 2-0 कर दी।
जापान का जवाब
जापान ने जवाबी हमला करते हुए 11वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया। रयूशिन सासाकी ने इसे गोल में बदलकर स्कोर 1-2 कर दिया। दूसरे और तीसरे क्वार्टर में कोई टीम गोल नहीं कर पाई। अंतिम क्वार्टर में जापान ने 48वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया जिस पर कप्तान काजुकी नाकानिशी ने गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया। जापान ने मैच के आखिरी पांच मिनट में एक और पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया पर भारत ने गोल नहीं होने दिया। नाकानिशी ने 59वें मिनट में एक और गोल कर जापान को 3-2 की बढ़त दिला दी। बराबरी की तलाश में भारत ने गोलकीपर को बाहर कर अतिरिक्त खिलाड़ी उतारा। उसकी कोशिशों का फल मिला और मैच के अंतिम पलों में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला। अनमोल एक बार फिर आगे आए और इस मौके को गोल में बदलकर स्कोर 3-3 कर दिया। भारत अगले मुकाबले में मंगलवार को कोरिया का सामना करेगा।
------------------------


