मलयाली दोस्तों की हत्या के आरोप में भारतवंशी महिला गिरफ्तार
कैलिफोर्निया में एक भारतीय महिला अनीला बेबी को अपने दो दोस्तों एन. मैरी मैथ्यू और अंजना हरि की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बेबी पर आरोप है कि उसने एक को चाकू मारा और दूसरे को अपनी कार से कुचला। ये हत्याएं 28 अगस्त को सैन जोस और मिलपिटास में हुईं।

ह्यूस्टन, एजेंसी। कैलिफोर्निया में अलग-अलग घटनाओं में अपने दो दोस्तों की हत्या करने के आरोप में भारतीय मूल की एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। उस पर आरोप है कि उसने एक दोस्त को चाकू मारा और दूसरे को अपनी कार से कुचल दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार भारतीय मूल की 32-वर्षीय महिला अनीला बेबी ने कथित तौर पर अपनी दो सहेलियों 35 वर्षीय एन. मैरी मैथ्यू और 35 वर्षीय अंजना हरि की लगभग 90 मिनट के अंतराल पर अलग-अलग हमलों में हत्या कर दी। आरोपी और दोनों पीड़ित दोस्त थे और वे मूल रूप से केरल के रहने वाले थे।
ये हत्याएं 28 अगस्त को सैन जोस और मिलपिटास में हुईं। ये दोनों शहर अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के साउथ-बे इलाके में हैं और इनके बीच की दूरी 20 किलोमीटर से भी कम है। एबीसी7 न्यूज की खबर के मुताबिक, बाद में जांचकर्ताओं ने दोनों हत्याओं की कड़ियों को जोड़ा और बेबी की पहचान संदिग्ध के तौर पर की। बेबी को उसी दिन गिरफ्तार किया गया और शुरू में मिलपिटास हत्या मामले में उस पर आरोप लगाए गए। हालांकि, आठ सितंबर को सरकारी वकीलों ने मैथ्यू की मौत के मामले में भी उसपर हत्या का आरोप लगाया। सैन जोस पुलिस विभाग (एसजेपीडी) ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि इस घटना का मकसद और इससे जुड़ी परिस्थितियों की अभी जांच जारी है। एबीसी7 न्यूज की खबर के मुताबिक बेबी पर प्रथम-डिग्री हत्या के दो आरोप हैं और दोषी पाए जाने पर उसे 50 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा हो सकती है।


