दो अलग-अलग पासपोर्ट के इस्तेमाल पर केस दर्ज
यूके से दिल्ली पहुंचे एक भारतीय यात्री, अर्जुन लखाभाई सोढिया, के पास दो अलग-अलग पासपोर्ट पाए गए हैं। दोनों में जन्मतिथि और जन्मस्थान भिन्न हैं, जबकि फोटो एक ही है। इमिग्रेशन जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान और पासपोर्ट प्राप्त करने की प्रक्रिया की जांच की जा रही है।

नई दिल्ली, व.सं.। यूके (यूनाइटेड किंगडम) से दिल्ली पहुंचे एक भारतीय यात्री के पास इमिग्रेशन जांच के दौरान अलग-अलग पासपोर्ट होने का मामला सामने आया है। दोनों पासपोर्ट में उसकी जन्मतिथि और जन्मस्थान तक अलग-अलग पाए गए, जबकि फोटो एक ही लगा हुआ है। प्रोफाइलिंग के आधार पर संदेह होने पर जब उसके यात्रा दस्तावेजों की जांच की गई तो पूरा मामला सामने आया है। इसके बाद इमिग्रेशन की शिकायत पर आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान 34 वर्षीय अर्जुन लखाभाई सोढिया के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ गुजरात के जामनगर में रहता है।
वह 25 अगस्त को इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-004 से यूके से दिल्ली पहुंचा था।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अलग-अलग दस्तावेजों और पहचान संबंधी जानकारियों के आधार पर पासपोर्ट कैसे हासिल किए और इन पासपोर्ट का इस्तेमाल कब-कब किया गया।


