2027 में भारत के पास अपना कार्बन फाइबर होगा : गिरिराज सिंह
- उत्तरी भारत वस्त्र अनुसंधान संघ में 52वें स्थापना दिवस पर बोले केंद्रीय वस्त्र मंत्री

गाजियाबाद, वंदना। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह सोमवार को निटरा संस्थान के 52वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत के पास 2027 में अपना कार्बन फाइबर होगा। यह फाइबर ड्रोन, एविएशन, कार में लगे एयर बलून और इसरो आदि में इस्तेमाल किया जाता है।
संस्थान की उपलब्धियाँ
संजय नगर स्थित उत्तरी भारत वस्त्र अनुसंधान संघ (निटरा) में अयोजित समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने वस्त्र उद्योग से जुड़े शोध, तकनीक और योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि कोई भी उद्योग बिना शोध के नहीं चल सकता और शोध वही है जो केवल लैब में न रहे, बल्कि लोगों तक भी पहुंचे। निटरा ने कई ऐसे शोध किए हैं, जो वस्त्र उद्योग के लिए बहुत फायदेमंद होंगे। देश के हर तबके तक फायदा पहुंचेगा। कार्बन फाइबर पर तेजी से शोध किया जा रहा। मिल्कवीड की खेती किसानों को गन्ने से ज्यादा आय देगी। उन्होंने कहा कि अभी हम विदेशों में गर्मी के चार महीने का कपड़ा निर्यात करते हैं। बहुत जल्द हम पूरे 12 महीने का कपड़ा विदेश भेजेंगे। वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री पबित्र मार्घेरिटा ने संस्थान की उपलब्धियों के बारे में बताया। उन्होंने निटरा को मिल्कवीड पर शोध करने वाला पहला संस्थान बनने की शुभकामनाएं दी। कहा कि भविष्य में निटरा एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) और स्मार्ट टेक्सटाइल में भी बेहतर प्रदर्शन करेगा। संस्थान के महानिदेशक एमएस परमार ने बताया कि निटरा मिल्कवीड फाइबर के लिए ओईको-टेक्स स्टैंडर्ड 100 प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले विश्व का पहला संस्थान बन गया है। चेयरमैन संदीप होरा ने निटरा के इतिहास के बारे में बताया।


