दो खेल, एक मुकाम, रीना बागड़ी बनीं राष्ट्रीय कबड्डी रेफरी
रुद्रप्रयाग की व्यायाम शिक्षिका रीना बागड़ी गुसाईं ने खो-खो और कबड्डी खेलों में राष्ट्रीय रेफरी बनकर नया मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कबड्डी की राष्ट्रीय रेफरी परीक्षा उत्तीर्ण की। इस सफलता से उन्होंने अपने जिले और उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। रुद्रप्रयाग से कुल सात शिक्षक राष्ट्रीय रेफरी के रूप में चुने गए हैं।

रुद्रप्रयाग। राजकीय इंटर कालेज टैठी में व्यायाम शिक्षिका रीना बागड़ी गुसाईं ने दो अलग-अलग खेलों में राष्ट्रीय रेफरी बनकर नया मुकाम हासिल किया है। खो-खो में राष्ट्रीय रेफरी बनने के बाद अब उन्होंने कबड्डी की राष्ट्रीय रेफरी परीक्षा भी उत्तीर्ण कर ली है। दो खेलों में राष्ट्रीय स्तर की रेफरी बनने की इस उपलब्धि से उन्होंने जिले के साथ पूरे उत्तराखंड का भी मान बढ़ाया है। एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (एकेएफआई) की ओर से 24 जून को हरिद्वार में राष्ट्रीय कबड्डी रेफरी परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से करीब 82 प्रतिभागी शामिल हुए। परीक्षा में 72 प्रतिभागी सफल रहे, जिसमें अकेले रुद्रप्रयाग जिले से सात शिक्षक एवं खेल प्रशिक्षक शामिल हैं।
दूसरी तरफ यह परीक्षा पास करते ही खो-खो के बाद कबड्डी में व्यायाम शिक्षिका रीना बागड़ी गुसाईं ने नया मुकाम हासिल किया है। वे बीते वर्ष 12 अप्रैल 2025 को भारतीय खो-खो महासंघ की राष्ट्रीय रेफरी परीक्षा भी उत्तीर्ण कर चुकी हैं। अब वह दो राष्ट्रीय खेल महासंघों से जुड़े खेलों में राष्ट्रीय रेफरी बन गई हैं। रीना शिक्षिका के रूप में अपने विद्यार्थियों को भी खेलों से जोड़ने का काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर के रेफरी के रूप में चुना जाना मेरे लिए गौरव की बात है। खेल के दौरान रेफरी की जिम्मेदारी निभाने के साथ ही अपने स्कूल समय में स्कूल और ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को खेल के नियमों और तकनीकी स्तर पर भी तैयार करूंगी। रुद्रप्रयाग मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलों में जनपद के कई शिक्षक-शिक्षिकाओं का योगदान सराहनीय है। जिले से सात शिक्षकों का राष्ट्रीय कबड्डी रेफरी चुना जाना पूरे जनपद के लिए गौरव की बात है।ये शिक्षक भी बने रेफरी : रुद्रप्रयाग जिले से रीना बागड़ी सहित कुल 7 शिक्षक राष्ट्रीय कबड्डी रेफरी चुने गए हैं। इन शिक्षकों में राजकीय इंटर कॉलेज भणज से मीना बिष्ट,राष्ट्रीय खेल संस्थान से शिखा मेहरा,राजकीय इंटर कॉलेज मणिगुह से योगंबर कंडारी, राजकीय इंटर कॉलेज बसुकेदार से नवेंदु सिंह रावत,अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अगस्त्यमुनि से शिव सिंह नेगी, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बष्टी से अमित प्रकाश गोस्वामी शामिल हैं।


