अमेरिकी कंपनी से महनार के अमित राज को 45 लाख का पैकेज
महनार प्रखंड के अलीपुर हट्टा गांव के अमित राज ने एनआईटी भोपाल से प्री-प्लेसमेंट ऑफर के तहत जेडस्केलर कंपनी से 45 लाख रुपये का सालाना पैकेज प्राप्त किया है। अमित ने कंपनी में दो महीने की समर इंटर्नशिप की थी और उनके प्रदर्शन के आधार पर यह ऑफर मिला।

महनार प्रखंड के अलीपुर हट्टा गांव निवासी अमित राज ने अपनी प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। एनआईटी भोपाल में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के चौथे वर्ष के छात्र अमित को अमेरिकी साइबर सुरक्षा कंपनी जेडस्केलर से 45 लाख रुपये के सालाना पैकेज पर प्री-प्लेसमेंट ऑफर मिला है। अमित ने जून और जुलाई में कंपनी में दो माह की समर इंटर्नशिप की। इस दौरान उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एजेंट्स और ऑटोमेशन से जुड़े प्रोजेक्ट पर काम किया। इंटर्नशिप के दौरान उनके बेहतर प्रदर्शन और तकनीकी दक्षता से प्रभावित होकर कंपनी ने उन्हें पीपीओ दिया। बीटेक पूरा करने के बाद वह कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्य करेंगे।
अमित की प्रारंभिक शिक्षा मदर टेरेसा पब्लिक स्कूल, महनार से हुई है। उनके पिता सत्यानारायण सिंह किसान और माता उर्मिला देवी गृहिणी हैं। अमित ने सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया। -कृत्यानंद सिंह


