शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तेज, सेंसेक्स 685 अंक चढ़ा
मुंबई के शेयर बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में वृद्धि के कारण लगातार दूसरे दिन तेजी देखी गई। सेंसेक्स 685 अंक और निफ्टी 220 अंक चढ़कर बंद हुए। विश्लेषकों का कहना है कि वैश्विक बाजारों के सकारात्मक संकेतों से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई।

मुंबई, एजेंसी। कच्चे तेल के दाम घटकर 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आने और बैंकों एवं रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में जोरदार लिवाली से स्थानीय शेयर बाजार मंगलवार को लगातार दूसरे दिन चढ़कर बंद हुए। सेंसेक्स में 685 अंक और निफ्टी में 220 अंक की तेजी रही। विश्लेषकों के मुताबिक, वैश्विक बाजारों के मजबूत संकेतों और कच्चे तेल में नरमी से निवेशक धारणा बेहतर हुई। सेंसेक्स 685.34 अंक यानी 0.95 प्रतिशत चढ़कर 73,067.81 अंक पर बंद हुआ। एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 220.35 अंक यानी 0.98 प्रतिशत बढ़कर 22,776.10 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में ट्रेंट का शेयर सबसे अधिक 12.78 प्रतिशत उछल गया। कोटक महिंद्रा बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), इटर्नल और एशियन पेंट्स के शेयर भी बढ़त में रहे। दूसरी तरफ, टेक महिंद्रा, टाइटन, बजाज फाइनेंस और आईटीसी के शेयर नुकसान में रहे.
इन क्षेत्रों में रही तेजी
व्यापक बाजार में छोटी कंपनियों का बीएसई स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.25 प्रतिशत चढ़ गया जबकि मझोली कंपनियों का मिडकैप सेलेक्ट एक प्रतिशत की तेजी पर रहा। क्षेत्रवार सूचकांक में दूरसंचार खंड में सर्वाधिक 2.33 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई जबकि पूंजीगत उत्पाद खंड में 1.79 प्रतिशत, औद्योगिक खंड में 1.62 प्रतिशत और एफएमसीजी खंड में 1.57 प्रतिशत की तेजी रही।

