सेंसेक्स डेढ़ साल के निचले स्तर पर
विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और अमेरिकी बॉंड पर ऊंचे प्रतिफल के दबाव में घरेलू शेयर बाजार में चौथे दिन गिरावट आई। सेंसेक्स 570.59 अंक गिरकर 71,909.70 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी में 198 अंक की कमी आई।

नई दिल्ली, एजेंसी। विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और अमेरिकी बॉन्ड पर ऊंचे प्रतिफल के दबाव में घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को लगातार चौथे दिन गिरावट रही। सेंसेक्स 570.59 अंक लुढ़क गया, जबकि निफ्टी में 198 अंक की तेज गिरावट आई। यह सेंसेक्स का करीब डेढ़ साल और निफ्टी का छह महीने का निचला स्तर है। बाजार में लगातार चौथे दिन गिरावट से निवेशकों की धारणा कमजोर रही। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 10,148.41 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की थी। इसके साथ ही वैश्विक तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल 2.77 प्रतिशत बढ़कर 100.8 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। महंगे कच्चे तेल से भारत के आयात बिल, महंगाई और आर्थिक परिदृश्य पर दबाव बढ़ने की आशंका ने बाजार की चिंता बढ़ाई। इसके चलते सेंसेक्स 570.59 टूटकर 71,909.70 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स 1,187.41 अंक तक लुढ़ककर 71,292.88 अंक पर आ गया था। निफ्टी भी 198.50 अंक यानी 0.88 प्रतिशत गिरकर 22,421.95 अंक पर बंद हुआ。
मिडकैप-स्मॉलकैप भी टूटे
बाजार विश्लेषकों का कहना है कि बाजार में बिकवाली मुख्य रूप से बाहरी कारणों से रही। बॉन्ड पर प्रतिफल कई साल के उच्च स्तर पर पहुंच गया है और कच्चे तेल की कीमत भी ऊंची बनी हुई है। इससे वित्त वर्ष 2026-27 के आर्थिक परिदृश्य को लेकर चिंता बढ़ी है। गिरावट का असर व्यापक बाजार पर भी रहा। निफ्टी मिडकैप-50 में 1.11 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 में 0.97 प्रतिशत की गिरावट रही। क्षेत्रवार देखें तो निफ्टी आईटी को छोड़कर बाकी सभी प्रमुख सूचकांक लाल निशान में बंद हुए। ऑटो क्षेत्र में सबसे ज्यादा 3.46 प्रतिशत की गिरावट रही। धातु 2.35 प्रतिशत, मीडिया 2.33 प्रतिशत, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद 1.91 प्रतिशत, एफएमसीजी 1.61 प्रतिशत, रसायन 1.48 प्रतिशत, रियल्टी 1.46 प्रतिशत और तेल एवं गैस सूचकांक 1.32 प्रतिशत नीचे रहा।
नौ लाख करोड़ रुपये खाक
इस जबरदस्त बिकवाली के कारण बीएसई पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों के कुल बाजार पूंजीकरण से लगभग 9 लाख करोड़ रुपये कम हो गए, जिससे यह 463 लाख करोड़ रुपये से नीचे आ गया। इससे पहले शेयर बाजारों में सोमवार को भी बड़ी गिरावट हुई थी। उस दिन भी निवेशकों को 7.81 लाख करोड़ रुपये के अधिक गंवाने पड़े थे।
अक्टूबर में आरबीआई की बैठक पर नजर
घरेलू स्तर पर निवेशकों की नजर अब रिजर्व बैंक की अक्टूबर की मौद्रिक नीति समीक्षा पर भी है। कारोबारियों के अनुसार, रेपो दर को लेकर संभावित फैसले से पहले बाजार की धारणा कमजोर बनी हुई है। ऐसे में महंगा कच्चा तेल, ऊंची बॉन्ड यील्ड और विदेशी पूंजी की निकासी बाजार के लिए प्रमुख दबाव वाले कारक बने हुए हैं।

