कच्चे तेल में तेजी से सेंसक्स 548 अंक फिसला
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली और अमेरिकी बॉण्ड प्रतिफल में वृद्धि के कारण सोमवार को घरेलू शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 547.65 अंक और निफ्टी 157.10 अंक टूटे। दूसरी ओर, आरबीआई के कदमों के बाद रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96 पैसे मजबूत होकर 95.75 पर पहुंचा। यह छह महीने से अधिक समय में रुपये की एक दिन की सबसे बड़ी बढ़त रही।

मुंबई, एजेंसी। कच्चे तेल के दाम में तेजी तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली दबाव से घरेलू शेयर बाजार सोमवार को नुकसान में रहे। सेंसेक्स 547.65 अंक की गिरावट के साथ 71,924.68 अंक पर बंद हुआ। जबकि निफ्टी 157.10 अंक के नुकसान के साथ 22,363.35 अंक पर बंद हुआ। विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिका में बॉण्ड प्रतिफल में वृद्धि से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 1.14 प्रतिशत चढ़कर 105.8 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 3,568.90 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
प्रमुख शेयरों में उतार-चढ़ाव
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में आईटीसी, टेक महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर, लार्सन एंड टुब्रो, भारतीय स्टेट बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयरों में प्रमुख रूप से गिरावट रही। वहीं, लाभ में रहने वाले शेयरों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक और एचसीएल टेक शामिल हैं।
जानकारों ने कहा, भारतीय बाजार शुरुआती बढ़त बरकरार रखने में विफल रहे। 10 साल के सरकारी बॉण्ड पर प्रतिफल तीन साल के उच्चतम स्तर पर पहुंचने और वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार बिकवाली से बाजार धारणा प्रभावित हुई। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट गिरावट के साथ बंद हुए। हांगकांग का हैंगसेंग मामूली बढ़त में रहा।
डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत
रुपये ने लगाई छमाही की सबसे लंबी छलांग, 96 पैसे चढ़ा
भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से घरेलू मुद्रा को मजबूती देने के लिए सप्ताहांत में कई कदम उठाए जाने के बाद रुपया सोमवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 96 पैसे मजबूत होकर 95.75 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। छह महीने से अधिक समय में रुपये की यह एक दिन की सबसे बड़ी बढ़त है। इससे पहले दो अप्रैल को रुपये में एक दिन में 166 पैसे की बड़ी बढ़त दर्ज की गई थी। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि आरबीआई के उपायों से निकट अवधि में रुपये को बल मिल सकता है। इन उपायों से हाजिर बाजार में डॉलर की मांग घटने और विदेशी मुद्रा बाजार में रुपये के खिलाफ बड़े दांव लगाने पर अंकुश लगने की उम्मीद है। हालांकि, रुपये में लगातार सुधार कच्चे तेल की कीमतों, विदेशी पूंजी के प्रवाह और वैश्विक बाजारों की स्थिति पर निर्भर करेगा।

