रुपया तीन पैसे की बढ़त के साथ 95.33 प्रति डॉलर पर
मुंबई में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले तीन पैसे बढ़कर 95.33 पर बंद हुआ। अमेरिका-ईरान के बीच संभावित समझौते और होर्मुज जलडमरूमध्य के फिर से खुलने की उम्मीदों ने रुपये को समर्थन दिया। कारोबार के दौरान रुपया 95.40 के स्तर पर खुला और विभिन्न स्तरों पर रहा।

मुंबई, एजेंसी। रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले तीन पैसे की बढ़त के साथ 95.33 पर बंद हुआ। अमेरिका-ईरान के बीच जल्द समझौते और होर्मुज जलडमरूमध्य के फिर से खुलने की उम्मीद ने रुपये को समर्थन दिया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक बाजार में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति के बीच ब्रेंट क्रूड की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल की ओर बढ़ रही है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.40 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 95.24 से 95.43 प्रति डॉलर के दायरे में रहा और अंत में तीन पैसे मजबूत होकर 95.33 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।रुपया
मंगलवार को छह पैसे टूटकर 95.36 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.85 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.07 प्रतिशत चढ़कर 88.97 डॉलर प्रति बैरल रहा।


