श्रद्धालुओं के लिए रेड क्रॉस का चलंत चिकित्सा सेवा बना सहारा
देवघर में श्रावणी मेला 2026 के दौरान इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी ने चलंत चिकित्सा सेवा शुरू की है। यह सेवा श्रद्धालुओं को प्राथमिक चिकित्सा और स्वास्थ्य सहायता प्रदान करेगी। सेवा पूरे एक माह तक जारी रहेगी, जिससे श्रद्धालुओं को तुरंत स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान देश-विदेश से बाबा नगरी आ रहे देवतुल्य श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी देवघर शाखा द्वारा चलंत चिकित्सा सेवा शुरू की गई है। जिसमें सेवा के माध्यम से मेला क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में घूम-घूमकर जरूरतमंद श्रद्धालुओं को प्राथमिक चिकित्सा एवं आवश्यक स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
चलंत चिकित्सा सेवा की शुरुआत
बता दें कि चलंत चिकित्सा वाहन को इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी देवघर शाखा के अध्यक्ष सह उपायुक्त देवघर सौरभ कुमार भुवानिया एवं डीडीसी पीयूष सिन्हा द्वारा रेडक्रॉस सदस्यों की उपस्थिति में नेहरू पार्क से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। जिसके बाद से रेड क्रॉस की चिकित्सकीय टीम द्वारा मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों व कांवरिया पथ में लगातार सक्रिय रहकर श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों का ध्यान रख रही है व लंबी दूरी की कांवर यात्रा के दौरान थकान, कमजोरी, चोट, चक्कर या अन्य आकस्मिक स्वास्थ्य समस्या से परेशान श्रद्धालुओं को मौके पर ही आवश्यक प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। जिसमें अभी तक सैकड़ों श्रद्धालु लाभान्वित हो चुके हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं का प्रचार
इसकी जानकारी देते हुए रेडक्रॉस के चेयरमैन जितेश राजपाल ने बताया कि चलंत चिकित्सा सेवा पूरे एक माह तक मेला क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में संचालित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सुविधा के लिए दूर नहीं जाना पड़े और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार मिल सके। जिसमें संस्था के सदस्य एवं स्वयंसेवक पूरी तत्परता के साथ श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हुए हैं।
अन्य सुविधाओं का प्रावधान
इसके साथ ही नेहरू पार्क स्थित सेवा शिविर के माध्यम से पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ चलंत चिकित्सा सेवा के जरिए स्वास्थ्य सुविधा को श्रद्धालुओं तक पहुंचाया जा रहा है। रेड क्रॉस सदस्यों का प्रयास है कि बाबा वैद्यनाथ के दर्शन को आए प्रत्येक श्रद्धालु को त्वरित सहायता और बेहतर प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध हो।
समन्वय की भूमिका
कहा कि रेडक्रॉस द्वारा श्रावणी मेला के दौरान संचालित की जा रही चलंत चिकित्सा सेवा को प्रभावी एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने में शाखा के कार्यकारिणी सदस्य सुरेशानंद झा एवं देवनन्दन झा समन्वयक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। दोनों सदस्य, चिकित्सा टीम, वाहन व स्वयंसेवकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाने की व्यवस्था में लगातार सक्रिय हैं। कहा कि रेड क्रॉस की यह पहल श्रावणी मेला में सेवा, संवेदना और मानवता की भावना को मजबूत कर रही है。


