Hindi NewsIndia NewsIndian reax to China blocking listing of LeT operative Sajid Mir slams pakistan - India Hindi News
आतंकी साजिद मीर का ऑडियो सुना भारत ने चीन और पाकिस्तान को जमकर लताड़ा

आतंकी साजिद मीर का ऑडियो सुना भारत ने चीन और पाकिस्तान को जमकर लताड़ा

संक्षेप:

भारत ने यूएन जनरल असेंबली में बिना नाम लिए चीन और पाकिस्तान को जमकर सुनाया है। चीन ने भारत के उस प्रस्ताव को ब्लॉक कर दिया था जिसमें साजिद मीर को वैश्विक आतंकी घोषित करने की बात कही गई थी।

Jun 21, 2023 12:44 pm ISTAnkit Ojha हिंदुस्तान टाइम्स, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

लश्कर आतंकी और मुंबई हमले के मास्टरमाइंड साजिद मीर को यूएन में वैश्विक आतंकी घोषित करने के भारत के प्रस्ताव पर चीन ने एक बार फिर अड़ंगा लगा दिया। लेकिन इस आपत्ति के बात भारत ने भी चीन और पाकिस्तान को जमकर सुनाया। भारत ने संयुक्त राष्ट्र में चीन का बिना नाम लिए इस कदम की कड़ी निंदा की और चीन-पाकिस्तान के साथ इस मुद्दे पर शांत रहने वाले देशों को भी कठघरे में खड़ा कर दिया। भारत ने पाकिस्तान का आईना दिखाते हुए साजिद मीर की ऑडियो क्लिप भी सुना दी। 

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

भारत ने कहा कि आतंकवाद के प्रति भी दोहरा रवैया अपनाया जा रहा है। बता दें कि साजिद मीर भारत में वांछित है। उसने मुंबई में हमला करने वाले आतंकियों को निर्देश दिए थे। इस हमले में 166 लोग मारे गए थे जिनमें विदेशी भी शामिल थे। भारत की तरफ से जॉइंट सेक्रटरी प्रकाश गुप्ता ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की हाई लेवल कॉन्फ्रेंस में चीन और पाकिस्तान को आड़े हाथों लिया।  उन्होंने कहा, वैश्विक स्तर पर आतंकवाद से लड़ने के सिस्टम में कुछ तो गड़बड़ चल रहा है। यूएनएससी में एक आतंकी को आतंकी नहीं घोषित किया जा रहा है और कई देश उसका समर्थन कर रहे हैं। 

इसके बाद गुप्ता ने एक रिकॉर्डिंग भी सुनाई जिसमें वह आतंकियों को निर्देश दे रहा है। उन्होंने कहा, सुनिए, यह साजिद मीर है और आतंकियों से फोन पर कह रहा है कि ताज होटल में विदेशियों को मार दो। किसी को नहीं छोड़ना। घटना के 15 साल बाद भी साजिद मीर खुला घूम रहा है। उसे एक देश में पूरी सुविधा दी जा रही है। यह आतंकवाद के प्रति दोहरा रवैया है। यह गुड टेररिजम और बैड टेररिजम का कॉन्सेप्ट खतरनाक है। 

गुप्ता ने कहा कि किसी देश के व्यक्तिगत फायदे के लिए इस तरह से आतंकवाद की परिभाषा नहीं बदली जा सकती। पहले भी भारतीय विदेश मंत्रालय चीन से इस बारे में सवाल कर चुका है। कई ऐसे आतंकी रहे हैं जिनको आतंकी घोषित करवाने के प्रस्ताव में चीन अड़ंगा लगाता रहा है। शाहिद महमूद, तल्हा सईद अब्दुल रऊफ असगर और मीर के मामले में चीन इसी तरह की हरकत कर चुका है। 

उन्होंने कहा कि आतंकी हमलों की वजह से भारत में बहुत सारे लोग मारे गए हैं। जब हम आतंक से लड़ने में कमियों के बारे में बात करते हैं तो ऐसे ही देश अड़ंगा लगाते हैं। मुंबई हमले में 10 हथियारबंद आतंकी शामिल थे। उन्हें ट्रेनिंग दी गई थी। उन्होंने 166 लोगों की हत्या कर दी जिसमें 26 विदेशी थे। भारत के कानून के मुताबिक मीर को आतंकी घोषित किया जा चुका है। अमेरिका ने भी मीर के सिर पर 50 लाख डॉलर का इनाम रखा है। 

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha
अंकित ओझा पिछले 8 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। अंकित ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से स्नातक के बाद IIMC नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा किया है। इसके बाद कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर डिग्री हासिल की है। राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय डेस्क पर कार्य करने का उनके पास अनुभव है। इसके अलावा बिजनेस और अन्य क्षेत्रों की भी समझ रखते हैं। हिंदी, अंग्रेजी के साथ ही पंजाबी और उर्दू का भी ज्ञान है। डिजिटल के साथ ही रेडियो और टीवी के लिए भी काम कर चुके हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।