हाइड्रोजन ट्रेन को दिल्ली तक बढ़ाने की योजना
भारतीय रेलवे दिल्ली तक अपनी हाइड्रोजन-पावर्ड ट्रेन बढ़ाने की योजना बना रहा है। वर्तमान में, यह ट्रेन हरियाणा के जींद-सोनीपत रूट पर चल रही है, जहां यात्रियों की संख्या कम है। विशेषज्ञ टीम इस ट्रेन के संचालन और दिल्ली तक विस्तार के परीक्षण की निगरानी कर रही है।

भारतीय रेलवे अपनी इकलौती हाइड्रोजन-पावर्ड ट्रेन दिल्ली तक बढ़ाने की योजना बना रहा है। अधिकारियों ने बताया कि अभी यह ट्रेन हरियाणा में 89 किलोमीटर लंबे जींद-सोनीपत रूट पर चल रही है, जहां यात्रियों की संख्या बहुत कम है। उन्होंने बताया कि हालांकि ट्रेन में ज्यादा से ज्यादा 2,600 यात्री बैठ सकते हैं, लेकिन जींद और सोनीपत के बीच पूरी यात्रा के दौरान सिर्फ 40 से 60 यात्री ही सवार होते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कम भीड़ के कारण यह रोजाना सिर्फ एक बार आती-जाती है, जबकि शुरुआती घोषणाओं के अनुसार, ट्रेन को जींद और सोनीपत के बीच दो चक्कर लगाने थे।
रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि विशेषज्ञों का ग्रुप जींद और सोनीपत के बीच इसके संचालन और दिल्ली तक विस्तार के लिए इसके ट्रायल रन की लगातार निगरानी कर रहा है। अधिकारी ने बताया कि इस ट्रेन को वे इसे दिल्ली में फलों और सब्ज़ियों की थोक मंडी के पास आजादपुर स्टेशन तक बढ़ाने के लिए अन्य उपाय भी किए जा रहे हैं।

