पी-वे के आर्टिजन कैडर में अब चार ग्रेड, पदों का भी तय होगा नया अनुपात
रेलवे के पी-वे विभाग में काम करने वाले आर्टिजन कर्मचारियों का कैडर अब मल्टी-स्किल्ड ट्रैक टेक्नीशियन (एमएसटीटी) में मर्ज किया जाएगा। इस नए ढांचे में विभिन्न ग्रेड के पद निर्धारित किए गए हैं, जिसमें प्रमोशन के जरिए कर्मचारियों के लिए अवसर बढ़ेंगे।

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। रेलवे के पी-वे (परमानेंट वे) विभाग में काम करने वाले आर्टिजन कर्मचारियों का कैडर अब एक कॉमन कैडर में मर्ज किया जाएगा। रेलवे बोर्ड ने मल्टी-स्किल्ड ट्रैक टेक्नीशियन (एमएसटीटी) के चार स्तरीय कैडर का ढांचा तय करते हुए प्रत्येक स्तर पर पदों का प्रतिशत भी निर्धारित कर दिया है। इसके तहत एमसीएम/सीनियर टेक्नीशियन के 20 प्रतिशत, टेक्नीशियन ग्रेड-1 के 20 प्रतिशत, ग्रेड-2 के 30 प्रतिशत और ग्रेड-3 के 30 प्रतिशत पद होंगे।बोर्ड के मुताबिक पी-वे के मौजूदा आर्टिजन कैडर के सभी कर्मचारियों को एमएसटीटी के कॉमन कैडर में शामिल किया जाएगा। इसके बाद कैडर में टेक्नीशियन (ट्रैक) ग्रेड-3 लेवल-2, ग्रेड-2 लेवल-4, ग्रेड-1 लेवल-5 और सीनियर टेक्नीशियन लेवल-6 के पद होंगे।
अलग-अलग ग्रेड में कर्मचारियों की वरिष्ठता भारतीय रेलवे स्थापना नियमावली के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार तय की जाएगी।नए ढांचे में ग्रेड-3 के पदों पर 25 प्रतिशत सीधी भर्ती, 50 प्रतिशत प्रमोशन और 25 प्रतिशत एलडीसीई के जरिए भर्ती का प्रावधान किया गया है। वहीं ग्रेड-2, ग्रेड-1 और सीनियर टेक्नीशियन के पद 100 प्रतिशत प्रमोशन से भरे जाएंगे। इस बदलाव से ट्रैक विभाग के कर्मचारियों के लिए आगे बढ़ने का रास्ता भी स्पष्ट होगा।

