हरदोई रेलवे स्टेशन पर लगी प्लास्टिक बॉटल क्रशिंग मशीन
भारतीय रेलवे ने हरदोई रेलवे स्टेशन पर प्लास्टिक कचरे के निस्तारण के लिए बॉटल क्रशिंग मशीनें स्थापित करने की योजना बनाई है। इन मशीनों से स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाने के साथ-साथ प्लास्टिक का रीसाइक्लिंग बढ़ाने का लक्ष्य है। कुल 10 मशीनें लगाई जाएंगी, जिनमें से दो पहले से चालू हैं।

हरदोई। भारतीय रेलवे पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक कचरे के प्रभावी निस्तारण की दिशा में लगातार कदम उठा रहा है। इसी क्रम में मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत आने वाले हरदोई रेलवे स्टेशन पर प्लास्टिक की खाली बोतलों के सुरक्षित निस्तारण के लिए बॉटल क्रशिंग मशीनें स्थापित की जा रही हैं। इनका उद्देश्य स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के साथ-साथ प्लास्टिक कचरे के रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देना है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार हरदोई रेलवे स्टेशन पर कुल 10 बॉटल क्रशिंग मशीनें लगाने की योजना है। फिलहाल दो मशीनें चालू कर दी गई हैं, जबकि शेष मशीनों को भी जल्द संचालित करने की तैयारी चल रही है।
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इन्हें स्टेशन के व्यस्त स्थानों पर लगाया जा रहा है। इन मशीनों में यात्री पानी, कोल्ड ड्रिंक या अन्य पेय पदार्थों की खाली प्लास्टिक बोतल डाल सकते हैं। मशीन बोतल को तुरंत क्रश कर उसका आकार छोटा कर देती है, जिससे उसे आसानी से रीसाइक्लिंग के लिए भेजा जा सके। इससे स्टेशन परिसर में प्लास्टिक बोतलों का बिखराव कम होगा और सफाई व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।


