ट्रेन में ड्यूटी के दौरान बनाई रील तो होगी कार्रवाई
भारतीय रेलवे ने कर्मचारियों के खिलाफ सख्ती बरती है जो ट्रेन, स्टेशन व कंट्रोल रूम से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर रहे थे। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनों को निर्देश दिया है कि रेलवे सेवा आचरण नियमों का पालन किया जाए। यदि कोई कर्मचारी रील बनाते पाया गया, तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। भारतीय रेलवे ने ड्यूटी के दौरान ट्रेन, स्टेशन, कंट्रोल रूम और परिचालन गतिविधियों से जुड़े वीडियो, फोटो और रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्ती बरती है। रेलवे बोर्ड ने सभी जोन और मंडलों को पत्र भेजकर रेलवे सेवा आचरण नियमावली का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई कर्मचारी रील बनाते पाया गया तो उसके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।रेलवे के सतर्कता विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ कर्मचारी रेलवे परिसर, कार्यस्थलों, उपकरणों और परिचालन गतिविधियों से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं।
इन शिकायतों में चलती ट्रेन के केबिन से बनाई गई रील, स्टेशन परिसर की रिकॉर्डिंग, कंट्रोल रूम के अंदर के दृश्य, सिग्नल और सुरक्षा से जुड़े काम शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ कर्मचारी इन वीडियो के माध्यम से सोशल मीडिया पर व्यूज लेकर आर्थिक लाभ कमा रहे हैं।


