छठ-दिवाली पर अमृतसर और कर्नाटक से चलेगी स्पेशल ट्रेन
छठ और दीपावली पर मुजफ्फरपुर लौटने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे दो फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। एक ट्रेन छेहरटा-अमृतसर और मुजफ्फरपुर के बीच चलेगी, जबकि दूसरी हुबली से मुजफ्फरपुर आएगी। दोनों ट्रेनों में दोनों दिशाओं में निर्धारित फेरे होंगे। इनसे रोजगार और पढ़ाई के लिए बाहर रहने वाले उत्तर बिहार के लोगों को घर लौटने का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। छठ-दीपावली पर मुजफ्फरपुर लौटने वालों की सुविधा के लिए रेलवे दो फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाएगा। ये ट्रेनें छेहरटा (अमृतसर) से मुजफ्फरपुर और कर्नाटक के हुबली से मुजफ्फरपुर के बीच चलेंगी। त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग और कन्फर्म टिकट की परेशानी के बीच स्पेशल ट्रेनों से अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी।
फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का परिचालन
उत्तर रेलवे मुख्यालय ने छेहरटा-अमृतसर से मुजफ्फरपुर के बीच आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल चलाने का प्रस्ताव भेजा है। यह ट्रेन सोमवार को छेहरटा और मंगलवर को मुजफ्फरपुर से चलेगी। दोनों दिशाओं में आठ-आठ फेरे लगाएगी। यह ट्रेन अमृतसर, ब्यास, जालंधर सिटी, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, सिसवा बाजार, बगहा, नरकटियागंज, बेतिया और सगौली होते हुए मुजफ्फरपुर आएगी। छेहरटा अमृतसर का सेटेलाइट स्टेशन है।
वहीं, दक्षिण पश्चिम रेलवे हुबली-मुजफ्फरपुर स्पेशल का परिचालन करेगा। यह ट्रेन हुबली से प्रत्येक मंगलवार को 13 अक्तूबर से 24 नवंबर तक और वापसी में मुजफ्फरपुर से 16 अक्तूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को खुलेगी। दोनों दिशाओं में सात-सात फेरे निर्धारित हैं।
उत्तर बिहार के यात्रियों को राहत
कई राज्यों में रहने वाले बिहारियों को राहत :
रेलवे का कहना है कि दोनों ट्रेनों से उत्तर बिहार के उन लोगों को लाभ मिलेगा, जो रोजगार और पढ़ाई के सिलसिले में बाहर रहते हैं। छेहरटा स्पेशल से अमृतसर, लुधियाना और जालंधर के अलावा पश्चिम चंपारण के बेतिया, नरकटियागंज और बगहा के यात्रियों को सुविधा मिलेगी। वहीं, हुबली स्पेशल से कर्नाटक और महाराष्ट्र में रहने वाले मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, छपरा और सीतामढ़ी के लोगों को घर लौटने का विकल्प मिलेगा।

