रेलवे की सर्वाधिक टॉप-5 ढुलाई वाली चीजों में कोयला है खास
सितंबर 2026 में रेलवे ने 135.35 मिलियन टन माल ढोया, जो पिछले साल के इसी महीने से 6.14% अधिक है। कोयले की ढुलाई में 9% वृद्धि हुई और बिजली केंद्रों को प्रतिदिन कोयले की आपूर्ति करने वाली औसत रैकों की संख्या 443 पहुंची। माल ढुलाई से रेलवे का राजस्व ₹1,266 करोड़ बढ़ा। कोल इंडिया के अनुसार, पावर प्लांटों में कोयले का स्टॉक सुधर रहा है।

धनबाद, मुकेश सिंह। रेलवे की ओर से ढुलाई वाली टॉप-5 चीजों में कोयला अहम है। सितंबर और अक्तूबर माह में तो रिकॉर्ड ढुलाई हुई है। आंकड़े के अनुसार सितंबर-2026 में 135.35 मिलियन टन रेलवे ने माल लादा, जबकि सितंबर-2025 में यह 127.52 मिलियन टन था, जो पिछले वर्ष के इसी महीने की तुलना में 6.14% की वृद्धि है। प्रमुख वस्तुओं की श्रेणियों में खाद्यान्न की ढुलाई में 25%, क्लिंकर में 20%, घरेलू कंटेनर में 10%, कोयले में 9%, शेष अन्य वस्तुओं में 8.2%, खनिज तेल में 6%, तैयार इस्पात में 5.5% और लौह अयस्क में 5.2% की वृद्धि हुई। खाद्यान और क्लिंकर में कई चीजें शामिल होती है। यानी कोयले की अकेले सबसे ज्यादा ढुलाई हुई है। कोयला कंपनियों और भारतीय रेलवे ने सितंबर-2026 के दौरान विद्युत आपूर्ति केंद्रों को घरेलू कोयले की आपूर्ति बढ़ा दी। प्रतिदिन आपूर्ति होने वाले कोयले की रैकों की औसत संख्या बढ़कर 443 रैक हो गई, जबकि सितंबर-2025 में यह 397 रैक प्रतिदिन थी, जो 11.6 प्रतिशत की वृद्धि है। सितंबर-2026 के दौरान माल ढुलाई से रेलवे राजस्व सितंबर-2025 की तुलना में ₹1,266 करोड़ बढ़ गया, जो 9.3 प्रतिशत की वृद्धि है। रेलवे ने अप्रैल-सितंबर-2026 के दौरान 833.7 मिलियन टन माल की ढुलाई की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 4.1 प्रतिशत की वृद्धि है। इस दौरान माल ढुलाई राजस्व में 3.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इधर, कोल इंडिया की रिपोर्ट पर गौर करें तो त्योहारी सीजन में क्रिटिकल श्रेणी वाले पावर प्लांटों को लगातार कोयले की आपूर्ति हो रही है। ज्यादातर पावर प्लांटों में कोयले का स्टॉक अपेखाकृत बढ़ा है या स्थिर है। कोई भी ऐसा पावर प्लांट नहीं है, जहां कोयले की कमी के कारण बिजली उत्पादन प्रभावित है। देसी कोयले से संचालित सभी पावर प्लांटों में कोयले की स्थिति सुधर रही है। अक्तूबर के अंत तक पावर प्लांटों में कोयले का स्टॉक और बेहतर होने की संभावना है।
कोयले की मांग और अर्थव्यवस्था
कोयले की मांग बढ़ना अर्थव्यस्था के लिए अच्छा संकेत: कोयले की मांग ऊर्जा की बढ़ती मांग का संकेत है। एक्सपर्ट कहते हैं कि मौजूदा समय में ऊर्जा की ज्यादा मांग अर्थव्यवस्था की बेहतरी का संकेत है। कोयले की मांग में वृद्धि झारखंड समेत पूर्वी भारत के अन्य कोयला बहुल राज्य झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के लिए भी बेहतर संकेत हैं। देश के कुल कोयला उत्पादन का लगभग 70 प्रतिशत इन तीन राज्यों में होता है। मालूम हो कि अगस्त माह में कोल इंडिया का कुल उत्पादन लगभग 48 मिलियन टन था, जिनमें 37 मिलियन टन से ज्यादा कोयला उत्पादन इन तीन राज्यों से हुआ। मालूम हो कि झारखंड, बंगाल, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में कोल इंडिया की पांच अनुशंगी कंपनियां हैं।

