छात्राओं ने जवानों के लिए भेजी राखी
भारतीय डाक विभाग ने रविनगर स्थित एसजी पब्लिक स्कूल में रक्षाबंधन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें बच्चों को रक्षाबंधन के महत्व और देश की सुरक्षा में जवानों के प्रति सम्मान की भावना के बारे में जानकारी दी गई। 300 से अधिक छात्रों ने भाग लिया और विशेष राखी लिफाफों के माध्यम से संदेश भेजे।

पीडीडीयू नगर, संवाददाता। भारतीय डाक विभाग की ओर से मंगलवार को रविनगर स्थित एसजी पब्लिक स्कूल में रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को रक्षाबंधन के महत्व, भाई-बहन के रिश्ते और देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के प्रति सम्मान की भावना के बारे में जानकारी दी गई। इसमें विद्यालय के 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान डाक विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए ‘स्पेशल राखी लिफाफे’ के माध्यम से बच्चों ने देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के साथ ही भारतीय सेना, पैरामिलिट्री फोर्स, उत्तर प्रदेश पुलिस तथा अन्य सुरक्षा बलों के जवानों के लिए राखियां भेजीं।
बच्चों ने राखियों के साथ बधाई संदेश और अपने मन की बात भी पत्र के माध्यम से लिखकर भेजी। डाक विभाग के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव दिनेश तिवारी ने बताया कि इस तरह के अभियानों का उद्देश्य बच्चों को त्योहारों के सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व से जोड़ना तथा डाक सेवा के माध्यम से भावनाओं को देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करना है। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रशांत कुमार तिवारी, कोऑर्डिनेटर मधु मित्तल, इंदिरा निगम, सुशांतो भट्टाचार्य मौजूद रहे।


