कैलिफोर्निया में भारतीय मूल की महिला की गोली मारकर हत्या
कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो में भारतीय मूल की 38 वर्षीय महिला शालिनी ठाकुर की रेस्तरां के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी रोहित का महिला का कई महीनों से पीछा करना सामने आया है। उसके बाद आरोपी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने घटना की जानकारी दी है।

सैक्रामेंटो, एजेंसी। अमेरिका के कैलिफोर्निया में भारतीय मूल की 38 वर्षीय महिला शालिनी ठाकुर की एक रेस्तरां के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय आरोपी पिछले कई महीनों से महिला का कथित तौर पर पीछा कर उसे परेशान कर रहा था। घटना के बाद पुलिस से गतिरोध के दौरान आरोपी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सैक्रामेंटो काउंटी शेरिफ कार्यालय के अनुसार शालिनी को मंगलवार को सैक्रामेंटो के आर्डेन आर्केड इलाके में एक शॉपिंग प्लाजा स्थित उनके कार्यस्थल पर छोड़ा जा रहा था। इसी दौरान आरोपी रोहित ने कथित तौर पर उनका रास्ता रोका।
शालिनी ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उनका पीछा किया और प्रत्यक्षदर्शियों के सामने उन पर कई गोलियां चला दीं। रिपोर्ट के मुताबिक इसके बाद उसने कथित तौर पर पास से उनके सिर पर भी गोली मारी। पुलिस को दोपहर करीब तीन बजे हाउ एवेन्यू के 800 ब्लॉक स्थित पनेरा ब्रेड रेस्तरां के बाहर गोलीबारी की सूचना मिली। अधिकारी मौके पर पहुंचे तो शालिनी अचेत अवस्था में मिलीं। चिकित्सकों ने घटनास्थल पर ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।


