भारतीय नौसेना में शामिल होगा स्वदेशी युद्धपोत 'समर्थक'
-कर्नाटक के कारवार नौसैनिक अड्डे पर नौसेना में शामिल किया जाएगा -समुद्री निगरानी और गश्त

स्वदेशी बहुउद्देशीय युद्धपोत 'समर्थक' को 16 अक्तूबर को भारतीय नौसेना में शामिल किया जाएगा। यह युद्धपोत ऐसे हथियारों और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम से लैस है, जिन्हें खासतौर पर मुश्किल समुद्री माहौल में ऑपरेशन के लिए तैयार किया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इसे शामिल करना भारत की रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और अहम कदम होगा। यह जहाज नौसेना के भविष्य का एक महत्वपूर्ण हिस्सा और रणनीतिक रूप से अहम ऑपरेशन के लिए एक बहुउपयोगी साबित होगा। 'समर्थक' को कर्नाटक के कारवार नौसैनिक अड्डे पर नौसेना में शामिल किया जाएगा।सरकार
की 'मेक इन इंडिया' पहल के तहत लार्सन एंड टुब्रो द्वारा बनाया गया यह युद्धपोत उन चार बहुउद्देशीय जहाजों में से पहला है, जिन्हें भारतीय नौसेना में शामिल किया जा रहा है।मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मुख्य रूप से समुद्री निगरानी और गश्त के लिए डिजाइन किया गया 'समर्थक' कम तीव्रता वाले समुद्री ऑपरेशन (एलआईएमओ), मानवीय सहायता और आपदा राहत, सीमित अस्पताल जहाज में बदलने और बचाव कार्यों आदि में भी सक्षम है। 'समर्थक' के प्रतीक चिह्न में लहरों से बाहर निकलते हुए एक ताकतवर भारतीय हाथी को दिखाया गया है।


