सांसद सुधाकर सिंह ने शिक्षा विभाग से अपने सहयोगी को हटाया
बक्सर में सांसद सुधाकर सिंह ने अरविंद कुमार सिंह को शिक्षा विभाग में उनके पद से हटा दिया है। सांसद ने पत्र में लिखा है कि अरविंद के खिलाफ कुछ नकारात्मक सूचनाएं प्राप्त हुई थीं, जिसके कारण उन्हें तत्काल प्रभाव से दायित्व से मुक्त किया गया। यह निर्णय भविष्य में किसी अन्य विवाद से बचने के लिए लिया गया।

बक्सर। स्थानीय सांसद सुधाकर सिंह ने सोमवार शिक्षा विभाग में अपने प्राधिकृत सहयोगी के रूप में कार्य कर रहे अरविंद कुमार सिंह को उनके दायित्व से मुक्त कर दिया है। इस संबंध में सांसद ने डीईओ को पत्र भेजकर आधिकारिक रूप से इसकी सूचना दी है। सांसद की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि दिसंबर 2024 में अरविंद कुमार सिंह को शिक्षा विभाग से जुड़े जनहित के कार्यों, छात्र-छात्राओं, शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों की समस्याओं के समाधान तथा विभागीय कार्यों के पर्यवेक्षण और अनुश्रवण के लिए अधिकृत सहयोगी के रूप में नामित किया गया था। जारी पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि हाल के दिनों में अरविंद कुमार सिंह के क्रियाकलापों, गतिविधियों और संदिग्ध आचरण को लेकर कुछ नकारात्मक सूचनाएं प्राप्त हुई हैं।
इन सूचनाओं के मद्देनजर सांसद ने उन्हें तत्काल प्रभाव से शिक्षा विभाग के प्राधिकृत सहयोगी से दायित्व से मुक्त कर दिया है। सांसद ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि भविष्य में प्रतिनिधि के नाम पर किसी भी अविधिक या अनधिकृत कार्य में उनकी संलिप्तता की संभावना को समाप्त करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।


