इंटरवेंशन रेडियोलॉजिस्ट प्रक्रियाओं और हृदय प्रत्यारोपण सर्जरी पर
इटावा में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने अपोलो हॉस्पिटल, लखनऊ के सहयोग से एक सीएमई कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें हृदय प्रत्यारोपण सर्जरी और इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी पर चर्चा की गई। इस कार्यक्रम में कई चिकित्सकों ने भाग लिया और शिक्षा सामग्री की सराहना की।

इटावा। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) इटावा शाखा ने अपोलो हॉस्पिटल, लखनऊ के सहयोग से एक सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में इंटरवेंशन रेडियोलॉजिस्ट प्रक्रियाओं के साथ हृदय प्रत्यारोपण सर्जरी पर चर्चा की गई। शैक्षणिक सत्र में इंटरवेंशनल रेडियोलॉजिस्ट डा. देवांश मिश्रा ने इंटरवेंशनल रेडियोलॉजिकल प्रक्रियाओं में हाल के एडवांसिस जानकारी पर व्याख्यान दिया। उन्होंने आधुनिक रोगी देखभाल में न्यूनतम आक्रामक, इमेज-गाइडेड हस्तक्षेपों की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला।सीटीवीएस सर्जन डा.भरत दुबे ने हृदय प्रत्यारोपण सर्जरी पर सारगर्भित व्याख्यान दिया। इसमें हाल के विकास, रोगी का चयन, शल्य चिकित्सा तकनीकें और ऑपरेशन के बाद के परिणामों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम का संचालन करते हुये डा. हिमांशु कुमार सिंह मानद सचिव आईएमए ने संकाय सदस्यों और प्रतिभागियों का स्वागत किया और रोगी देखभाल को बेहतर बनाने में सतत चिकित्सा शिक्षा के महत्व पर बल दिया। डा.डीके दुबे अध्यक्ष, आईएमए ने सभी का आभार जताया।सीएमई में जिले भर के चिकित्सकों और विशेषज्ञों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम की शैक्षणिक सामग्री और नैदानिक प्रासंगिकता की सराहना की।


