डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र बने भारतीय ज्ञान परम्परा समिति के समन्वयक
मुजफ्फरनगर के एसडी पीजी कालेज में भारतीय ज्ञान परम्परा समिति का पुनर्गठन किया गया है। प्रो. सुधीर कुमार पुंडीर ने डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र को तीसरी बार समन्वयक नियुक्त किया है। नई समिति क्रमशः 2026-27 में विभिन्न विषयों पर कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिसमें शोध प्रविधि, चिकित्सा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता शामिल हैं।

मुजफ्फरनगर। एसडी पीजी कालेज में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग नई दिल्ली और शिक्षा मंत्रालय के निर्देशों पर भारतीय ज्ञान परम्परा समिति का पुनर्गठन किया है। प्राचार्य प्रो. सुधीर कुमार पुंडीर द्वारा जारी आदेश के तहत हिंदी विभाग के प्रोफेसर डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र को लगातार तीसरी बार समिति का समन्वयक नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही डॉ. नवीन कुमार, डॉ. पीयूष शर्मा और डॉ. अनूप पटेल को समिति के सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। समिति के समन्वयक डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र ने बताया कि आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान समिति भारतीय ज्ञान परम्परा पर आधारित विभिन्न विषयों पर वर्ष भर कार्यक्रमों, व्याख्यानों, सेमिनारों, कार्यशालाओं और सम्मेलनों का आयोजन करेगी।
इस श्रृंखला में भारतीय ज्ञान परम्परा में शोध प्रविधि, गुरु-शिष्य परम्परा, चिकित्सा, भौतिकी, रसायनशास्त्र, ज्योतिष, वास्तुशास्त्र, कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर कार्य होगा।


