विदेश : बांग्लादेश से रक्षा संबंध जारी रखना चाहता है भारत : त्रिवेदी
भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने बांग्लादेश के रक्षा सलाहकार ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) शम्सुल इस्लाम से मुलाकात की। उन्होंने रक्षा और रणनीतिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया। दोनों पक्षों ने सार्वजनिक सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता में सहयोग के लिए काम करने का संकल्प लिया।

प्रधानमंत्री के रक्षा सलाहकार से मिले भारतीय उच्चायुक्त ढाका, एजेंसी। भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने बुधवार को बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के रक्षा सलाहकार ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) शम्सुल इस्लाम से मुलाकात की। छावनी स्थित कार्यालय में त्रिवेदी ने कहा, ढाका के साथ रक्षा और रणनीतिक संबंधों को नई दिल्ली बहुत महत्व देती है।बैठक के दौरान भारतीय उच्चायुक्त ने पेशेवर सहयोग और साझा सुरक्षा हितों के क्षेत्र में बांग्लादेश की सशस्त्र सेनाओं के साथ काम करने के लिए भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को भी दोहराया। इस दौरान सशस्त्र बलों के पेशेवर विकास के लिए संयुक्त प्रशिक्षण, सैन्य अधिकारियों के बीच अनुभव एवं प्रशिक्षण का आदान-प्रदान, आपदा प्रबंधन, क्षेत्रीय शांति और समुद्री सुरक्षा को लेकर भी चर्चा हुई।
वहीं, भारतीय उच्चायुक्त ने बांग्लादेश सरकार की सामाजिक-आर्थिक पहल की तारीफ की। इस संबंध में इंटर सर्विस पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने बताया, दोनों पक्ष ने पड़ोसी देश के तौर पर आपसी रक्षा सहयोग, क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने और आम वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।


