ईएसआईसी में बड़ा बदलाव लाएगी सरकार
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि सरकार ईएसआईसी में निजी अस्पतालों को नामित करने की तैयारी कर रही है। यह बदलाव देशभर में बीमित कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा। मंत्री ने यह भी बताया कि 101 करोड़ लोगों तक सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ चुका है।

नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि सरकार, कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) में बड़ा बदलाव करते हुए बेहतर निजी अस्पतालों को भी इसके अस्पताल के रूप में नामित करने की तैयारी कर रही है। ईएसआईसी देशभर में बीमित कर्मचारियों और उनके आश्रितों को अपने अस्पतालों तथा औषधालयों के जरिए स्वास्थ्य बीमा और चिकित्सा सुविधाएं प्रदान कराता है। मांडविया ने शुक्रवार को कहा, हम ईएसआईसी में बड़ा परिवर्तन लाने जा रहे हैं। अगर निजी क्षेत्र में अच्छे अस्पताल हैं, तो उन्हें ईएसआईसी अस्पताल के रूप में नामित किया जाएगा।मंत्री ने यहां राष्ट्रीय राजधानी में 'फिक्की-एआईओई ग्लोबल इंडस्ट्रियल रिलेशंस समिट' को संबोधित करते हुए कहा कि इस दिशा में हितधारकों की ओर से दिए जाने वाले सभी सुझावों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी।
उन्होंने कहा कि भारत की सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था का दायरा अब लगभग 101 करोड़ लोगों, यानी देश की 68.8 प्रतिशत आबादी तक पहुंच चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ेगी।


