मेटा के बाद टेलीग्राम और सिग्नल ऐप को भी नोटिस की तैयारी
भारत सरकार मेटा के बाद टेलीग्राम और सिग्नल ऐप को भी नोटिस भेजने की तैयारी कर रही है। मंत्रालय का मानना है कि यूजरनेम से जुड़े फीचर्स से ऑनलाइन ठगी और फर्जी पहचान का खतरा बढ़ सकता है। सरकार ने इन कंपनियों से फ्रॉड रोकने के उपाय पूछे हैं, नहीं तो कार्रवाई की जा सकती है।

- दोनों ऐप पर पहले से यूजरनेम वाला फीचर मौजूद नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। केंद्र सरकार मेटा के बाद टेलीग्राम और सिग्नल ऐप संचालित करने वाली कंपनी को भी कारण बताओ नोटिस भेजने की तैयारी में है। सूत्रों का कहना है कि सरकार यूजरनेम से संचालित होने वाले एकाउंट को लेकर सतर्क है और ऐसी सेवा देने वाली कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी है।इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय का मानना है कि यूजरनेम से जुड़े फीचर से ऑनलाइन फ्रॉड (ठगी), फर्जी प्रोफाइल और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर क्राइम बढ़ सकते हैं। धोखेबाज फर्जी यूजरनेम बनाकर लोगों को ठग सकते हैं।
इसलिए सरकार ने व्हाट्सऐप को नोटिस भेजा है। टेलीग्राम और सिग्नल ऐप पर बिना नंबर वाला यूजरनेम फीचर सालों से पहले से मौजूद है। सूत्रों का कहना है कि सरकार अब इन दोनों कंपनियों को भी नोटिस भेजने की तैयारी कर रही है। सरकार इनसे जानना चाहती है कि वह अपने प्लेटफॉर्म पर यूजरनेम के जरिए होने वाले फ्रॉड और नकली पहचान (फेक आईडी) को रोकने के लिए क्या कदम उठा रहे हैं। अगर दोनों कंपनियां ठोस जवाब नहीं देती है या फिर जांच में कोई ठोस उपाय नहीं मिलता है तो सरकार इस फीचर पर रोक लगाने के साथ कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई भी कर सकती है।


