इंस्पायर मानक प्रतियोगिता के लिए आज से भेजे जाएंगे आइडिया
भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा प्रदत्त स्कूली विद्यार्थियों के लिए इंस्पायर मानक प्रतियोगिता 2026-27 के लिए आइडिया भेजने का पोर्टल 15 सितंबर तक खुला रहेगा। 6वीं से 12वीं कक्षा के छात्र अपनी नवाचारी आइडियाज अपलोड कर सकते हैं। चयनित छात्रों को 10,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से स्कूली विद्यार्थियों के लिए इंस्पायर मानक प्रतियोगिता 2026-27 के लिए आइडिया भेजने के लिए पोर्टल बुधवार से खुल जाएगा। पोर्टल 15 सितंबर तक खुला रहेगा। इस पर किसी समस्या समाधान पर आधारित विद्यार्थियों के नवाचारी आइडिया अपलोड करने होंगे। प्रतियोगिता में छठी से 12वीं तक के बच्चे भाग लेंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देना है। प्रत्येक स्कूल को अपने स्तर पर पांच बेहतरीन आइडियाज का चयन करना होगा और उसे पोर्टल पर अपलोड करना होगा। बेहतरीन आइडिया देकर चयनित होने वाले प्रत्येक बच्चे को 10,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
इस राशि का उपयोग वे अपने आइडिया का प्रोटोटाइप बनाने में करेंगे। इसके बाद इसी प्रोटाटाईप (मॉडल) का प्रदर्शन जिला स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे। जिला स्तर पर चयनित होने वाले विद्यार्थी राज्य स्तर और फिर राज्य स्तर से चयनित होने वाले विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता में भाग लेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने वाले विद्यार्थियों को विशेष उपलब्धि प्राप्त होगी। उन्हें देश के प्रीमियर संस्थानों से मेंटरशिप प्राप्त होगी, जहां वे अपने आइडिया को और अधिक विकसित कर सकेंगे।


