समस्याओं को लेकर किसानों ने की बैठक
चायल तहसील परिसर में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की मासिक बैठक में जिलाध्यक्ष चंदू तिवारी ने किसानों के मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अगर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। बैठक में कई किसानों ने भूमि कब्जा और न्यायालय के आदेशों की अवहेलना की शिकायत की।

चायल तहसील परिसर में मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला अध्यक्ष चंदू तिवारी ने किसानों की समस्याएं सुनते हुए संगठन की मजबूती और एकता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की जायज समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा। बैठक में बजहा निवासी सुभाष चंद्र ने बताया कि न्यायालय के आदेश के बावजूद दबंगों ने उनके मकान में ताला लगा दिया है, जिससे परिवार को रहने में भारी परेशानी हो रही है। जिम्मेदार अधिकारी मामले में कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। लोधौर निवासी मोहम्मद सगीर ने ट्यूबवेल पर कब्जे का आरोप लगाते हुए बताया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी समाधान नहीं हुआ।
वहीं पेरई निवासी ओमप्रकाश और शिवप्रकाश ने आरोप लगाया कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर नायब तहसीलदार और लेखपाल की मिलीभगत से कब्जा कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की। कुरई गांव के ज्ञान सिंह, राजेश, दिनेश और शांति देवी ने अपनी आराजी की वरासत खारिज किए जाने पर आपत्ति जताते हुए इसका आधार स्पष्ट करने की मांग की। जिला अध्यक्ष चंदू तिवारी ने किसानों से एकजुट रहने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद मौजूद रहे।


