बंगाल के दो किसानों को बीजीबी ने छोड़ा
तेहट्टा, पश्चिम बंगाल में दो भारतीय किसानों सचिन दास और नरत्तम विश्वास को सीमा सुरक्षा बल और बांग्लादेशी बॉर्डर गार्ड के बीच बैठक के बाद रिहा किया गया। उन्हें कृषि कार्य करते समय बीजीबी ने पकड़ा था। किसानों ने बताया कि उन्हें हिरासत में प्रताड़ित नहीं किया गया।

तेहट्टा (पश्चिम बंगाल), एजेंसी। सीमा सुरक्षा बल और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के अफसरों के बीच बैठक के बाद हिरासत में लिए गए नादिया जिले के दो किसानों को बुधवार को छोड़ दिया गया। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। उन्होंने बताया कि तेहट्टा क्षेत्र के निवासी सचिन दास और नरत्तम विश्वास को भारतीय क्षेत्र में कृषि कार्य करते समय बीजीबी ने पकड़ा था। इसके बाद बीएसएफ और बीजीबी के बीच फ्लैग मीटिंग में यह मामला सुलझा, जिसमें बांग्लादेशी नागरिक को बीजीबी को सौंपा गया और उसी समय दोनों भारतीय किसानों को बीएसएफ को वापस कर दिया गया। किसानों के अनुसार, यह घटना सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की ओर से एक बांग्लादेशी नागरिक को भारतीय क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने के बाद हिरासत में लेने के बाद हुई थी।
सचिन दास ने बताया कि बीजीबी की हिरासत में रहने के दौरान उन्हें और विश्वास को प्रताड़ित नहीं किया गया।


