किसानों के डेथ वॉरंट को तत्काल रद्द करें केंद्र सरकार: नरेंद्र
भारतीय किसान संगठन के जिला अध्यक्ष नरेंद्र कुमार गुप्ता के नेतृत्व में किसानों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। किसान नेताओं ने भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते को रद्द करने की मांग की, इसे भारतीय कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए खतरा माना। उन्होंने कहा कि इससे लाखों लोगों की आजीविका प्रभावित होगी।

ऊसराहार। भारतीय किसान संगठन के जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील ताखा पहुंचकर तहसीलदार जावेद अंसारी को प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में संगठन ने भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की पुरजोर मांग की है। किसान नेताओं का कहना है कि यह समझौता भारतीय कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पशुपालकों, लघु उद्योगों और देश की आर्थिक संप्रभुता के लिए एक गंभीर खतरा है। संगठन ने इसे किसानों के लिए डेथ वारंट बताते हुए कहा कि इससे करोड़ों लोगों की आजीविका प्रभावित होगी, जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में अतुल सक्सेना, अश्वनी शाक्य, अभय यादव, जीतू यादव, सुख़वीर, बलवीर, सर्वेश, मनोज, संजीव, रॉकी, आदित्य, विक्की, लालजी सहित अन्य किसान नेता मौजूद रहे।


