किशनगंज: नेपाल ले जाए जा रहे 9.74 लाख रुपये जब्त, दो युवक कस्टम के हवाले
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने 9.74 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा जब्त की है। दो व्यक्तियों, जिनकी पहचान पूर्वी सिक्किम के रहने वालों के रूप में हुई, को हिरासत में लिया गया। वाहन की तलाश के दौरान 500 रुपये के 1,948 नोट बरामद हुए। दोनों के पास मुद्रा ले जाने का कोई वैध प्रमाण नहीं था।

ठाकुरगंज से राजीव कुमार सिन्हा की रिपोर्ट ठाकुरगंज, निज संवाददाता। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी ने न्यू मेची पुल, पानीटंकी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल ले जाए जा रहे 9.74 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा जब्त की है। कार्रवाई के दौरान एक महिंद्रा एक्सयूवी-300 वाहन को भी जब्त किया गया, जबकि वाहन में सवार दो युवकों को हिरासत में लेकर कस्टम विभाग के हवाले कर दिया गया। एसएसबी की बॉर्डर इंटेलिजेंस टीम (बीआईटी) ने 15 जुलाई की शाम नियमित जांच के दौरान भारत से नेपाल जा रही एक्सयूवी-300 (एसके-01-पीबी-9465) को रोककर तलाशी ली। जांच में चालक की सीट के नीचे और वाहन के अन्य गुप्त स्थानों से 500-500 रुपये के कुल 1,948 नोट बरामद हुए।
जब्त राशि की कुल कीमत 9.74 लाख रुपये है। पकड़े गए लोगों की पहचान पूर्वी सिक्किम निवासी 49 वर्षीय जीवन बिस्वकर्मा और 25 वर्षीय राहुल नेपाल के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे गंगटोक स्थित ट्रू वैल्यू में चारपहिया वाहनों की खरीद-बिक्री का काम करते हैं। जीवन बिस्वकर्मा ने 5.24 लाख रुपये अपनी सास के इलाज के लिए नेपाल ले जाने का दावा किया, जबकि राहुल नेपाल ने 4.50 लाख रुपये नेपाल यात्रा के लिए ले जाने की बात कही। हालांकि, दोनों भारतीय मुद्रा को नेपाल ले जाने संबंधी कोई वैध दस्तावेज या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके। उनके जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर एसएसबी ने नकदी जब्त कर ली। कंपनी मुख्यालय, पानीटंकी में नकली नोट जांच मशीन से जांच के दौरान सभी नोट असली पाए गए। इसके बाद जब्त नकदी, वाहन और दोनों आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय, पानीटंकी के हवाले कर दिया गया। मामले में सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 एवं विदेशी मुद्रा प्रबंधन (मुद्रा निर्यात-आयात) विनियम, 2015 के तहत जांच की जा रही है।


