खेल : साबले और कुजूर एशियाई खेलों से पहले दिखाएंगे दमखम
भारतीय एथलेटिक्स सीरीज के फाइनल में सभी ट्रैक और फील्ड एथलीटों की भागीदारी होगी। स्टीपलचेज़ खिलाड़ी अविनाश साबले, 100 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक गुरिंदरवीर सिंह, और अन्य कई टॉप एथलीट्स मुकाबला करेंगे। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाली प्रतियोगिता में प्रत्येक स्पर्धा के विजेता को एक लाख रुपये की इनामी राशि मिलेगी।

नई दिल्ली, एजेंसी। एशियाई खेलों के लिए चुने गए सभी भारतीय ट्रैक एवं फील्ड एथलीट गुरुवार को भारतीय एथलेटिक्स सीरीज फाइनल में दमखम दिखाएंगे। इसमें फिट होकर वापसी करने वाले स्टीपलचेज खिलाड़ी अविनाश साबले, भारत के सबसे तेज पुरुष धावक और 100 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक गुरिंदरवीर सिंह, 200 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक अनिमेष कुजूर और 400 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक विशाल टीके भी चुनौती पेश करेंगे। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाली एकदिवसीय आमंत्रण प्रतियोगिता भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) की ओर से अप्रैल में शुरू की गई 15 चरण वाली एथलेटिक्स सीरीज का फाइनल है। प्रत्येक 30 स्पर्धाओं के विजेता को एक लाख रुपये की इनामी राशि मिलेगी।
चोटिल नीरज चोपड़ा की जगह एशियाई खेलों की टीम में जगह बनाने वाले भाला फेंक खिलाड़ी यशवीर सिंह, गोला फेंक के तेजिंदरपाल सिंह तूर, 100 मीटर बाधा दौड़ की ज्योति याराजी और लंबी कूद की एंसी सोजन प्रतियोगिता के प्रमुख आकर्षण में शामिल होंगे।


