खेल : आनंद ने भाला फेंक में स्वर्ण और शिवम ने कांसा जीता
भारत ने पहली एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण, चार रजत और नौ कांस्य पदक जीते। भाला फेंक खिलाड़ी आनंद सिंह ने 80.57 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। महिला चार गुणा 400 मीटर रिले टीम ने 3:33.62 का समय निकालकर स्वर्ण जीता।

ओर्डोस (चीन), एजेंसी। भाला फेंक खिलाड़ी आनंद सिंह और महिला चार गुणा 400 मीटर रिले टीम ने रविवार को पहली एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर भारत के अभियान का शानदार समापन किया। भारत ने तीन स्वर्ण, चार रजत और नौ कांस्य सहित कुल 16 पदक जीते। आनंद अपने अंतिम प्रयास में 80.57 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बने। दूसरे भारतीय शिवम लोहकारे (77.70 मीटर) ने कांस्य पदक जीता। श्रावणी सचिन सांगले, संड्रामोल साबू, प्रवल्लिका नरिमाला और नोफिसा खातून की चौकड़ी ने चार गुणा 400 मीटर रिले में तीन मिनट 33.62 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता।
महिला चार गुणा 100 मीटर रिले में भारत ने 44.68 सेकंड का समय निकालकर रजत पदक जीता। पुरुष चार गुणा 400 मीटर रिले टीम ने भी तीन मिनट 4.24 सेकंड का समय निकालकर रजत पदक अपने नाम किया।


