खेल : भारत की नजरें और सीरीज कब्जाने पर
भारत और वेस्टइंडीज के बीच चौथा टी-20 बुधवार को हैदराबाद के उप्पल स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज में 2-1 से आगे भारत की नजर अजेय बढ़त और सीरीज जीतने पर है। मैदान पर बड़े स्कोर की उम्मीद है और भारतीय शीर्षक्रम शानदार फॉर्म में है। वेस्टइंडीज पिछले मैच की हार के बाद वापसी करना चाहेगा।

वेस्टइंडीज के साथ चौथा टी-20 मुकाबला आज उप्पल में, फिर दिख सकता है पावर हिटर्स का जलवा भारत की नजरें और सीरीज कब्जाने पर
सीरीज में अजेय बढ़त की कोशिश
हैदराबाद, एजेंसी। इंदौर के होलकर स्टेडियम में भारत के हल्लाबोल के बाद अब वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज का चौथा मैच बुधवार को यहां खेला जाएगा। फिलहाल 2-1 से आगे चल रही मेजबान टीम इसी मुकाबले में सीरीज में अजेय बढ़त लेना चाहेगी।
उप्पल में रनों की बरसात की उम्मीद
फिर बरसेंगे रन : उप्पल के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में भी रनों की बरसात होने की उम्मीद है। इस मैदान में भारतीय टीम दो साल पहले बांग्लादेश के खिलाफ 300 के स्कोर से सिर्फ तीन रन पीछे रह गई थी। कुल मिलाकर भारत ने यहां तीन बार दो सौ से ज्यादा का स्कोर किया और हर बार जीत दर्ज की।
ऐसे में एक बार फिर मैच का रुख दोनों टीमों के ‘पावर हिटर्स’ पर निर्भर करेगा। शानदार फॉर्म में चल रहे भारतीय बल्लेबाज यहां भी अपनी लय बरकरार रखते हुए शानदार जीत के साथ सीरीज अपने नाम करना चाहेंगे। वहीं पिछले मैच में करारी हार के बाद वेस्टइंडीज वापसी करके सीरीज में बने रहने की कोशिश में होगा।
भारतीय शीर्षक्रम की शानदार फॉर्म
फॉर्म में शीर्ष बल्लेबाज : भारत के शीर्षक्रम के बल्लेबाज संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है जिससे सीरीज में अभी तक भारतीय मध्यक्रम पर अधिक दबाव नहीं बना है। अभिषेक ने इंदौर में तीसरे टी-20 में 30 गेंद में 69 रन बनाए जिसमें छह चौके और पांच छक्के शामिल थे। भारत ने 223 रन का स्कोर बनाकर मैच जीता था।
भारत के लिए चिंता का एकमात्र कारण शीर्ष क्रम के शानदार फॉर्म के कारण मध्य क्रम के बल्लेबाजों को अधिक अभ्यास नहीं मिल पाना है। शीर्ष तीन के नाकाम रहने पर तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी और नमन धीर को जिम्मेदारी संभालनी होगी खासकर जब लक्ष्य बड़ा हो।
वेस्टइंडीज के सामने रनगति रोकने की चुनौती
अंकुश लगाने की चुनौती : दूसरी ओर वेस्टइंडीज के लिए चुनौती भारतीय रनगति पर अंकुश लगाने की होगी। कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले टी-20 में शतक लगाया था जबकि दूसरे मैच में सैमसन और ईशान ने बड़ी पारियां खेलीं हालांकि यह मैच वेस्टइंडीज ने जीता। तीसरे मैच में अभिषेक का दबदबा रहा।
वेस्टइंडीज के हरफनमौला शामार स्प्रिंगर ने स्वीकार किया था कि अभिषेक के फॉर्म में होने पर उनकी टीम के पास रक्षात्मक खेलने क अलावा कोई चारा नहीं रह जाता। उन्होंने कहा था, प्लान बी यही है कि हम रक्षात्मक खेलने की कोशिश करेंगे और यही प्रयास रहेगा कि वह एक या दो रन ही ले सके।
होप-रदरफोर्ड से खतरा : वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज शेरफान रदरफोर्ड ने अभी तक 189 के स्ट्राइक रेट से 172 रन बनाए हैं। उन्होंने तीन मैचों में 12 छक्के जड़े हैं। कप्तान शाई होप ने 182 की स्ट्राइक रेट से 159 रन बनाए हैं। इन दोनों से मेजबान टीम को खतरा हो सकता है। इसके बावजूद विश्व चैंपियन भारत को उसकी धरती पर हराने के लिए वेस्टइंडीज को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।
हैदराबाद में मेजबान गेंदबाजों के लिए चुनौती यह होगी कि वे स्टंप्स पर अटैक करने, अपनी गति में बदलाव करने और वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं देने के बीच सही संतुलन बनाए रखें। अगर वे ऐसा करने में सफल रहे तो जीत की राह आसान हो सकती है।
भारत के गेंदबाजों को अनुशासित प्रदर्शन करना होगा क्योंकि रांची में दूसरे टी-20 में 250 रन का लक्ष्य वेस्टइंडीज ने नौ गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया था जिसमें होप ने 45 गेंद में 102 रन बनाए थे। इंदौर में शिमरोन हेटमायेर (43), कामिल पूरन (42) और स्प्रिंगर ( नाबाद 35) ने अच्छी पारियां खेलीं। मगर अर्शदीप सिंह के तीन विकेट की मदद से भारत ने हालांकि मुकाबला जीत लिया था।
दोनों टीमों के खिलाड़ी
टीमें :
भारत : श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन, संजू सैमसन (विकेटकीपर), नमन धीर, वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, प्रिंस यादव, रवि बिश्नोई, मयंक यादव।
वेस्टइंडीज : शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), ज्वेल एंड्रयू (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, आमिर जांगू (विकेटकीपर), कामिल पूरन, रोवमैन पॉवेल, शेरफान रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, रोस्टन चेज़, कीमो पॉल, रोमारियो शेफर्ड, शमर स्प्रिंगर, मैथ्यू फोर्ड, अकील होसेन, शमर जोसेफ, गुडाकेश मोती।
मुकाबले से जुड़े अहम आंकड़े
34 टी-20 मैच अब तक दोनों टीमों के बीच हो चुके हैं
22 भारत ने, 11 वेस्टइंडीज ने जीते, एक बेनतीजा रहा
172 रन सीरीज के तीन मैचों में शेरफन रुदरफोर्ड बना चुके
143 रन भारत के लिए सर्वाधिक श्रेयस अय्यर ने बनाए हैं
प्रसारण : शाम 7:00 बजे से स्टार स्पोर्ट्स पर
सैमसन और ईशान की नजरें खास उपलब्धियों पर
सैमसन से फिर शतकीय पारी की उम्मीद
भारतीय टीम ने इस मैदान पर पिछली बार 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 मैच खेला था। उसमें छह विकेट पर 297 रन बनाकर 133 रन से जीत दर्ज की थी। सैमसन ने उस मैच में 43 गेंद में 111 रन बनाए थे और वह एक बार फिर यहां यादगार पारी खेलना चाहेंगे।
दो हजारी बन सकते हैं ईशान किशन
भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन इस मैच में अपने 2000 टी-20 रन पूरे कर सकते हैं। उन्होंने अभी तक 64 मुकाबलों में 147.53 के स्ट्राइक रेट से 1918 रन बनाए हैं। उनके नाम इस प्रारूप में अब तक एक शतक के साथ ही 13 अर्धशतक दर्ज हैं। इसके साथ ही वह 200 चौके भी पूरे कर सकते हैं।

