भारत-अमेरिका कई क्षेत्रों में बढ़ा रहे सहयोग : गोर
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि भारत और अमेरिका रक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी और स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग बढ़ा रहे हैं। उन्होंने निवेश, संयुक्त पहलों और सैन्य अभ्यासों से दोनों देशों के लिए नए अवसर बनने की बात कही। गोर ने भारत से जेनेरिक दवाएं आयात करने में अमेरिका के भरोसे का भी उल्लेख किया और मोदी-ट्रंप बातचीत को संबंधों में प्रगति का संकेत बताया।

कोलकाता, एजेंसी। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोमवार को कहा कि भारत और अमेरिका रक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा रहे हैं। निवेश और संयुक्त पहलों से दोनों देशों के लिए बड़े अवसर पैदा हो रहे हैं। गोर अमेरिका की आजादी के 250 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने हाल के सैन्य अभ्यासों, रक्षा सहयोग और अमेरिकी-भारतीय कंपनियों द्वारा किए गए निवेश का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका जेनेरिक दवाओं का बड़ा हिस्सा भारत से मंगवाता है, क्योंकि हमें भारत पर पूरा भरोसा है।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच पिछले सप्ताह बातचीत हुई थी, जिससे दोनों देशों के संबंधों में और आगे बढ़ने के संकेत मिलते हैं।गोर ने कोलकाता और अमेरिका के बीच संबंधों पर भी रोशनी डाली। उन्होंने बताया कि पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज वाशिंगटन ने 1792 में बेंजामिन जॉय को कोलकाता में पहला अमेरिकी वाणिज्यदूत नियुक्त किया था। इस दौरान पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता और मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल भी मौजूद रहे।

