जयशंकर ने अराघची से कहा, पोतों पर हमले से हर हाल में बचें
भारत ने ईरान से वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों पर हमले से बचने की अपील की है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से बातचीत के दौरान क्षेत्र में संघर्ष के प्रति चिंता जताई और ऐसे हमलों की निंदा की। उन्होंने वार्ता और कूटनीति का समर्थन करने के लिए भारत के दृष्टिकोण को साझा किया।

नई दिल्ली, एजेंसी। भारत ने ईरान से वाणिज्यिक पोतों और नाविकों पर किसी भी परिस्थिति में हमला नहीं करने की अपील की है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ फोन पर बातचीत के दौरान यह बात कही। विदेश मंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा कि उन्होंने क्षेत्र में जारी संघर्ष को लेकर गहरी चिंता जताई और पोतों तथा नाविकों पर किसी भी परिस्थिति में हमले से बचने का मजबूती से आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भारत किसी भी पक्ष की ओर से इस तरह के हमले की निंदा करता है। उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान उन्हें मौजूदा घटनाक्रम और चल रही वार्ताओं को लेकर ईरान के नजरिये से अवगत कराया गया।
जयशंकर ने कहा कि भारत हमेशा बातचीत और कूटनीति का समर्थन करता है। दोनों विदेश मंत्रियों के बीच यह बातचीत ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच हुई है।


