पहली बिम्सटेक गृह मंत्रियों की बैठक आज, मेजबानी करेगा भारत
- अमित शाह ने सदस्य देशों के प्रतिनिधियों का स्वागत किया नई दिल्ली,

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। भारत मंगलवार को नई दिल्ली में पहली बिम्सटेक गृह मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। अमित शाह ने इस ऐतिहासिक बैठक में शामिल होने वाले सदस्य देशों के गृह मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडलों का स्वागत करते हुए कहा कि यह बैठक क्षेत्रीय सुरक्षा को मजबूत करने और साझा चुनौतियों से निपटने के सामूहिक संकल्प को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भारत के लिए पहली बिम्सटेक गृह मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करना सम्मान की बात है। अमित शाह ने सदस्य देशों के गृह मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडलों का गर्मजोशी से स्वागत किया। यह बैठक आतंकवाद, अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, कट्टरपंथ, मानव तस्करी, अवैध वित्तीय गतिविधियों और साइबर खतरों जैसी गंभीर चुनौतियों से मुकाबला करने के साझा प्रयासों को आगे बढ़ाएगी। गृह मंत्री ने अपने संदेश में स्पष्ट किया कि इन चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सदस्य देशों के बीच बेहतर समन्वय और निर्णायक कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने सुरक्षित, मजबूत और अधिक संरक्षित बिम्सटेक क्षेत्र के निर्माण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। नई दिल्ली में होने वाली यह पहली गृह मंत्रियों की बैठक क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सदस्य देशों के बीच विचार-विमर्श और सहयोग को नई दिशा देने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
नेपाल और बांग्लादेश की भागीदारी
नेपाल के गृह मंत्री बैठक में शामिल होंगे
काठमांडू। नेपाल के गृह मंत्री सुदन गुरुंग बिम्सटेक की बैठक में शामिल होंगे। सोमवार को वह पहली बैठक में शामिल होने के लिए नई दिल्ली रवाना हुए। नेपाली गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि भारत की अपनी पहली यात्रा पर गए गुरुंग मंगलवार को बिम्सटेक की बैठक को संबोधित करेंगे। वहीं, बांग्लादेश ने इस बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया है।
बिम्सटेक के सदस्य देश
बिम्सटेक के सात सदस्य देश
बिम्सटेक (बंगाल की खाड़ी बहु-क्षेत्रीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग पहल) बंगाल की खाड़ी क्षेत्र के देशों के बीच क्षेत्रीय सहयोग का एक महत्वपूर्ण मंच है। इसके सदस्य देशों में भारत के अलावा बांग्लादेश, भूटान, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका और थाईलैंड शामिल हैं। यह संगठन सुरक्षा, आर्थिक विकास, संपर्क व्यवस्था और क्षेत्रीय सहयोग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को बढ़ावा देता है।
बिम्सटेक की स्थापना
कब हुई स्थापना
बिम्सटेक वर्ष 1997 में बैंकॉक घोषणा के माध्यम से अस्तित्व में आया। प्रारंभ में इसका गठन चार सदस्य राष्ट्रों बांग्लादेश, भारत, श्रीलंका और थाईलैंड के साथ किया गया था। वर्ष 1997 में म्यांमार और वर्ष 2004 में नेपाल और भूटान को इसमें शामिल किया गया।


