100 टीबी मरीजों को मिला पोषण का सहारा, ट्रस्ट ने बांटे फूड बास्केट
मुंगेर में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। डॉ. कुमार रंजन की अध्यक्षता में गोयनका ट्रस्ट ने 100 टीबी मरीजों को फूड बास्केट का वितरण किया। उन्होंने मरीजों को सही खान-पान और दवा का नियमित सेवन करने पर जोर दिया। यह पहल मरीजों के स्वास्थ्य व पोषण में सुधार के लिए है।

मुंगेर, निज संवाददाता। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत गुरुवार को जिला यक्ष्मा केंद्र (डीटीसी) परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. कुमार रंजन की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में श्री मंगनीराम बैजनाथ गोयनका ट्रस्ट द्वारा 100 टीबी मरीजों के बीच फूड बास्केट का वितरण कर पोषण सहायता प्रदान की गई। डॉ. कुमार रंजन ने कहा कि, टीबी के इलाज में नियमित दवा के साथ-साथ सही खान-पान और पौष्टिक आहार बेहद जरूरी है। ट्रस्ट की इस पहल का मुख्य उद्देश्य मरीजों के इलाज की अवधि में उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार लाना है।
इस दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों ने मरीजों को बिना नागा किए दवा का पूरा कोर्स खत्म करने और चिकित्सकीय सलाह का कड़ाई से पालन करने के लिए प्रेरित किया। जिला स्वास्थ्य समिति ने गोयनका ट्रस्ट के इस सामाजिक व सराहनीय प्रयास की जमकर प्रशंसा की। अंत में अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों ने टीबी हारेगा, देश जीतेगा का नारा बुलंद कर समाज को जागरूक करने का संकल्प दोहराया।----------------


