अभियान में 13 टीबी के नए मरीज मिले, 32 हजार से अधिक लोगों की हुई स्क्रीनिंग
हुसैनगंज, प्रखंड क्षेत्र में विशेष टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 13 नए टीबी मरीजों की पहचान हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव जाकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही है। अब तक 32,636 लोगों की जांच की गई है और 78 टीबी मरीजों का उपचार चल रहा है। प्रत्येक मरीज को एक हजार रुपये प्रतिमाह पोषण सहायता मिलती है।

हुसैनगंज, निज संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र में चल रहे विशेष टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत अब तक 13 नए टीबी मरीजों की पहचान की गई है। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही है।
अभियान की जानकारी
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कन्हैया चौधरी ने बताया कि तीन जुलाई से 14 अगस्त तक विशेष टीबी मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सरकार द्वारा चिन्हित हाई रिस्क गांवों में शिविर लगाकर लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है।
स्क्रीनिंग और इलाज
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और पंचायत स्तर पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) व आरबीएसके की टीम द्वारा जांच कर लोगों का पंजीकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तीन जुलाई से अब तक 32,636 लोगों की स्क्रीनिंग की गई है। जांच के दौरान 13 नए टीबी मरीजों की पहचान हुई है। सभी मरीजों का उपचार शुरू कर दिया गया है। टीबी मरीजों को लगातार छह माह तक दवा का सेवन करना होता है। डॉ. कन्हैया चौधरी ने बताया कि वर्तमान में पूरे प्रखंड में 78 टीबी मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें खानपुर खैरांटी गांव सबसे अधिक संवेदनशील है, जहां 12 मरीज हैं, जबकि हरिहांस गांव में 11 मरीज उपचाराधीन हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री निश्चय पोषण योजना के तहत प्रत्येक टीबी मरीज को उपचार अवधि के दौरान पोषण सहायता के रूप में एक हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं।


