क्लिक एन बुक सेवा को लेकर डाकघरों में जागरूक करेगा डाक विभाग
डाक विभाग 'क्लिक एन बुक' सेवा के तहत लोगों को जानकारी देगा कि स्पीड पोस्ट और पार्सल बुक कराने के लिए डाकघर जाने की आवश्यकता नहीं है। इस सेवा से लोग घर बैठे ही आइडी पंजीकरण करके बुकिंग कर सकते हैं। इससे विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों को सुविधा मिलेगी।

गाजियाबाद, अमन वत्स। डाक विभाग क्लिक एन बुक सेवा को लेकर डाकघरों में आने वाले लोगों को जागरूक करेगा। इसके तहत लोगों को बताया जाएगा कि उन्हें स्पीड पोस्ट और पार्सल बुक कराने के लिए डाकघर आने की जरूरत नहीं है। क्लिक एन बुक सेवा के माध्यम से घर बैठे ही डाक बुक कराने की सुविधा उपलब्ध है। डाक विभाग ने लोगों की सहूलियत के लिए पूर्व में क्लिक एन बुक सेवा शुरू की थी। इसके तहत लोग घर बैठे क्लिक एन बुक सेवा पर पंजीकरण कराकर स्पीड पोस्ट, पार्सल बुक कर सकते हैं। सहायक अधीक्षक डाकघर कुंवर पाल ने बताया कि डाकघरों में आने वाले लोगों को क्लिक एन बुक सेवा के बारे में विस्तार से बताया जाएगा और उन्हें इसका अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए जागरूक किया जाएगा।लोग
अपने घर से स्पीड पोस्ट या पार्सल बुक करने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके बाद करीबी डाकघर से कर्मचारी संबंधित पते पर पहुंचेंगे और स्पीड पोस्ट, पार्सल लेकर चले जाएंगे। इससे खासकर वरिष्ठ नागरिकों को सबसे अधिक लाभ होगा।


