मानव तस्करी में एजेंट ही नहीं,सरगना और फाइनेंसर भी होंगे निशाने पर
भारत सरकार ने मानव तस्करी के मामलों में संपूर्ण नेटवर्क की जांच की दिशा में कदम उठाए हैं। गृह मंत्रालय की एडवाइजरी में कहा गया है कि नाबालिगों और एक से अधिक पीड़ितों वाले मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, तस्करी के मामलों में डिजिटल और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने पर जोर दिया गया है।

गोरखपुर, प्रमुख संवाददाता। मानव तस्करी के मामलों में अब केवल एजेंट या निचले स्तर के आरोपियों पर कार्रवाई कर जांच बंद नहीं की जा सकेगी। केंद्र सरकार ने तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर सरगना और फाइनेंसर तक पहुंचने के निर्देश दिए हैं। गृह मंत्रालय से जारी एडवाइजरी में तस्करी से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जुटाने, फोरेंसिक जांच कराने और आरोपियों की संपत्ति जब्त करने पर जोर दिया है। एडवाइजरी में कहा गया है कि मानव तस्करी अक्सर संगठित सिंडिकेट के जरिये होती है। ऐसे मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 के तहत पूरे आपराधिक नेटवर्क को निशाना बनाया जाए। भर्ती, परिवहन और शोषण की पूरी कड़ी की पहचान कर प्रत्येक भूमिका के साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। नाबालिगों और एक से अधिक पीड़ितों वाले मामलों में कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया है। तस्करी के मामलों में मोबाइल और एन्क्रिप्टेड चैट, बैंक खातों में लेनदेन, जियो-लोकेशन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड को सुरक्षित करने पर विशेष जोर दिया गया है। तलाशी और जब्ती की वीडियो रिकॉर्डिंग तथा अपराध स्थल से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने को भी जरूरी बताया गया है。
एएचटीयू को करना होगा सक्रिय
मानव तस्करी रोधी इकाइयों (एएचटीयू) को पर्याप्त कर्मचारियों और विशेषज्ञता के साथ सक्रिय करने को कहा गया है। ईंट भट्ठों, खदानों, कपड़ा उद्योग और घरेलू काम जैसे क्षेत्रों में श्रम तस्करी की पहचान के लिए पुलिस और श्रम विभाग को मिलकर कार्रवाई करनी होगी। लड़कों और पुरुषों की संभावित श्रम तस्करी की पहचान के लिए भी निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।
फर्जी नौकरी और साइबर नेटवर्क पर नजर
सोशल मीडिया और नौकरी पोर्टलों पर फर्जी विज्ञापनों की निगरानी, भर्ती एजेंसियों के सत्यापन और विदेश में नौकरी के नाम पर साइबर धोखाधड़ी केंद्रों तक पहुँचाने वाले नेटवर्क पर कार्रवाई के निर्देश हैं। तस्करी के हॉटस्पॉट और जोखिम वाले रास्तों की पहचान के लिए सीसीटीएनएस और अन्य राष्ट्रीय डेटाबेस की मदद लेने को कहा गया है।
सूचना दबाने पर भी कार्रवाई
एडवाइजरी में तस्करी की सूचना दर्ज नहीं करने वाले लोक सेवकों पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जटिल अंतरराज्यीय मामलों में संयुक्त जांच दल बनाने, विशेष लोक अभियोजक नामित करने और विशेष अदालतों में मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। एडवाइजरी को थाना स्तर तक पहुंचाने और पुलिसकर्मियों को नए कानूनी प्रावधानों व तकनीकी जांच के संबंध में प्रशिक्षित करने को भी कहा गया है।
पूर्वी उत्तरप्रदेश और नेपाल बार्डर से कई शिकायतें
पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ ही नेपाल बार्डर के रास्ते मानव तस्करी की शिकायतें आती हैं। सबसे ज्यादा विदेश में नौकरी के नाम पर ठगी के केस भी सामने आते हैं जिसमें कई गिरोह सक्रिय है। पिछले पांच साल में इस तरह के 100 से ज्यादा केस पुलिस दर्ज कर चुकी है। हालांकि गिरोह तक पहुंचने में हर बार पुलिस असफल रही है। वजह गिरोह या फिर फाइनेंसर देश के दूसरे शहरों या फिर विदेश में बैठे होते हैं लेकिन अब पुलिस को इस मामले में भी कार्रवाई करनी होगी।
राजेश मणि, फाउंडर, मदद फाउंडेशन ने कहा, गृह मंत्रालय, भारत सरकार ने एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थानों को मजबूत करने और प्लेसमेंट एजेंसियों की सतत निगरानी को लेकर सभी राज्यों के मुख्य सचिवों और डीजीपी को पत्र भेजा है। खासकर ऑनलाइन विज्ञापनों के जरिये गोरखधंधा करने वाली प्लेसमेंट एजेंसियों पर अंकुश लगाने के लिए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थानों को निर्देशित किया गया है। यह सराहनीय कदम है। उच्च वेतन का झांसा देकर लोगों की भर्ती करने और बाद में उन्हें मानव तस्करी के जरिए साइबर अपराधों में लगाने की घटनाओं की रोकथाम पर विशेष जोर दिया गया है। इन सभी बिंदुओं पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थानों को प्रभावी ढंग से काम करना होगा।”

