दीपावली तक देश में 7 लाख करोड़ से अधिक का होगा कारोबार-कैट
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस वर्ष नवरात्रि से दीपावली तक देश में कारोबार 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है। यह पिछले साल के मुकाबले 15 से 18 फीसदी वृद्धि होगी। वस्तुओं के साथ परिवहन, ई-कॉमर्स, पर्यटन, होटल, रेस्तरां और अन्य सेवा क्षेत्रों में भी त्योहारी मांग बढ़ने की उम्मीद है।

नई दिल्ली प्रमुख संवाददाता इस वर्ष नवरात्रि से लेकर दीपावली तक देश में 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। यह बात कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने बुधवार को कही। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष के मुकाबले 15 से 18 फीसदी ज्यादा कारोबार इस वर्ष होने की उम्मीद है। कैट का यह प्रारंभिक अनुमान देशभर के विभिन्न राज्यों के प्रमुख व्यापारिक संगठनों एवं बाजारों से प्राप्त फीडबैक, उपभोक्ता मांग, त्योहारी खरीदारी के रुझान को देखते हुए तैयार किया गया है।प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि पिछले वर्ष दीपावली के अवसर पर देश में लगभग 6.05 लाख करोड़ का रिकॉर्ड व्यापार हुआ था, जिसमें लगभग 5.40 लाख करोड़ का वस्तु व्यापार तथा 65,000 करोड़ का सेवा क्षेत्र शामिल था।
इस वर्ष त्योहारी गतिविधियों के और व्यापक होने को देखते हुए कारोबार के 7 लाख करोड़ से ऊपर जाने की संभावना है। इस वर्ष त्योहारी अर्थव्यवस्था में सेवा क्षेत्र की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होगी। नवरात्रि से दीपावली के दौरान परिवहन, लॉजिस्टिक्स, ई-कॉमर्स डिलीवरी, पैकेजिंग, वेयरहाउसिंग, होटल, रेस्तरां, पर्यटन, कैटरिंग, टेंट एवं डेकोरेशन, लाइटिंग, इवेंट मैनेजमेंट, कैब एवं स्थानीय परिवहन सहित अनेक सेवाओं में भारी मांग रहने की संभावना है।

